Last Updated:
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां अचानक हंगामे में बदल गईं. दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंच चुका था और तोरण मारने ही वाला था कि शादी में एक खास एंट्री हो गई, जिससे दूल्हा मौके से भाग गया.
दूल्हे फरार चल रहा है.
उज्जैन. जिले के पास बड़नगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां अचानक मातम और हंगामे में बदल गईं. दूल्हा तोरण मारने ही वाला था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने शादी रुकवा दी और फिर दूल्हा मौके से फरार हो गया. मामला बड़नगर के शिक्षक कॉलोनी का है, जहां अभिषेक सेन नाम के युवक की शादी रतलाम जिले की एक युवती से तय हुई थी.
दो दिनों से शादी के सभी रस्म-रिवाज पूरे हो चुके थे और बुधवार रात करीब 8 बजे दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंच चुका था. इसी बीच बड़नगर पुलिस को एक चौंकाने वाली शिकायत मिली. पुलिस ने तुरंत दुल्हन पक्ष से संपर्क कर उन्हें बताया कि दूल्हे के खिलाफ दुष्कर्म का गंभीर आरोप सामने आया है और मामला दर्ज होने जा रहा है.
शादी वाले घर में मचा हड़कंप
पुलिस की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में हड़कंप मच गया. दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और शादी को तत्काल रोक दिया गया. हालात ऐसे बने कि दूल्हा तोरण भी नहीं मार पाया और बिना शादी किए ही वहां से फरार हो गया. उज्जैन टीआई अशोक पाटीदार ने बताया कि बड़नगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के अनुसार, यह कार्रवाई एक 15 वर्षीय नाबालिग की शिकायत के आधार पर की गई. पीड़िता और आरोपी एक ही कॉलोनी में रहते थे.
पीड़ित ने की थी आत्महत्या की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, 6 अप्रैल को नाबालिग ने एसिड पीकर आत्महत्या की कोशिश की थी और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 8 अप्रैल को डॉक्टरों ने परिजनों को लड़की के गर्भवती होने की जानकारी दी, जिसके बाद पीड़िता ने पूरी आपबीती सुनाई. पीड़िता का आरोप है कि 5 जनवरी को आरोपी अभिषेक उसके घर आया और उसे धमकाकर दुष्कर्म किया. साथ ही किसी को भी इस बारे में बताने से मना किया.
एक पार्षद की मदद से आखिरकार शादी रुकवाई
जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए शादी रुकवाने के प्रयास शुरू कर दिए. पुलिस ने फोन पर दुल्हन पक्ष को समझाया, टीम ने लगातार संपर्क किया और एक पार्षद की मदद से आखिरकार शादी रुकवाई गई. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है. इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है.
About the Author
Dallu Slathia is a seasoned digital journalist with over 7 years of experience, currently leading editorial efforts across Madhya Pradesh and Chhattisgarh. She specializes in crafting compelling stories across …और पढ़ें