Last Updated:
MP IAS Officer Transfer: मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने प्रदेश में 26 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं. बदलाव में कुछ अधिकारियों को सचिवालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ को फील्ड में भेजा गया है. खास बात यह है कि युवा अधिकारियों को भी अहम पदों पर मौका दिया गया है, जिससे प्रशासन में नई ऊर्जा आने की संभावना जताई जा रही है.
Madhya Pradesh IAS Transfer: मध्य प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. यहां पर कई जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं और कुल 26 आईएएस के ट्रांसफर हुए हैं. वहीं 14 जिलों के कलेक्टर प्रभावित हुए हैं. अब प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, अधिकारियों को नई जगहों पर तैनात कर प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है.
जानें कौन बना भोपाल का नया कलेक्टर?
भोपाल के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम को मुख्यमंत्री मोहन यादव का सचिव बनाया गया है. इसके अलावा उन्हें आयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं धार कलेक्टर को डॉ प्रियंक मिश्रा को अब भोपाल का नया कलेक्टर बनाया गया है. उनके पास काफी अनुभव मौजूद है.
सोनिया मीणा को वित्त विभाग में किया गया ट्रांसफर
इसके अलावा सोनिया मीणा को नर्मदापुरम कलेक्टर के पद से वित्त विभाग में ट्रांसफर किया गया है. सिवनी कलेक्टर रही शीतला पटेल को लोक सेवा आयोग की सचिव नियुक्त किया गया है. वहीं अर्पित वर्मा को शिवपुरी का कलेक्टर बनाया गया है. विदिशा मुखर्जी मैहर जिले की कलेक्टर बनी हैं. राजीव रंजन मीना को धार का कलेक्टर बनाया गया है.
नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को रीवा कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं रीवा की कलेक्टर रहीं प्रतिभा पाल को सागर भेजा गया है. सोमेश मिश्रा को नर्मदापुरम, प्रताप नारायण यादव को दमोह का कलेक्टर बनाया गया है.
तीन आईएएस अधिकारियों की पहली बार हुई फील्ड पोस्टिंग
इसके अलावा 2017 बैच के तीन IAS अधिकारियों को भी पहली बार फील्ड पोस्टिंग दी गई है. डॉ. योगेश तुकाराम भरसट को झाबुआ, डॉ. सौरभ संजय सोनवणे को बैतूल और राहुल नामदेव घोटे मंडला के कलेक्टर बनाए गए हैं.
शासन स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं. शिल्पा गुप्ता को गृह विभाग की सचिव, अभिषेक सिंह को लोक शिक्षण आयुक्त और कृष्ण गोपाल तिवारी को सामाजिक न्याय आयुक्त नियुक्त किया गया है.