बाबर आजम के नाम विश्व कीर्तिमान… कोहली-गेल को छोड़ा पीछे

बाबर आजम के नाम विश्व कीर्तिमान… कोहली-गेल को छोड़ा पीछे


Last Updated:

Babar Azam fastest 12000 t20 runs: बाबर आजम ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रचते हुए सबसे तेज 12,000 रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने 338 पारियों में यह उपलब्धि हासिल कर क्रिस गेल और विराट कोहली जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया. पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स के खिलाफ 87 रनों की नाबाद पारी खेलकर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया. बाबर अब शोएब मलिक के बाद इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने वाले दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं.

Zoom

बाबर आजम टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बने.

नई दिल्ली. बाबर आजम ने क्रिकेट के इतिहास में एक ऐसा अध्याय लिख दिया है, जिसे आने वाले समय में दुनिया के तमाम बल्लेबाज एक चुनौती के रूप में देखेंगे. कराची के नेशनल स्टेडियम में खेले गए पाकिस्तान सुपर लीग के एक मुकाबले में बाबर ने वह मुकाम हासिल कर लिया, जिसे पाने का सपना दुनिया का हर धाकड़ खिलाड़ी देखता है. बाबर अब टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज 12,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. बाबर ने इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए 338 पारियों का सहारा लिया. इस बड़ी उपलब्धि को हासिल करते ही उन्होंने क्रिकेट जगत के बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया. इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल का रिकॉर्ड ध्वस्त किया, जिन्होंने 343 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था. इतना ही नहीं, भारतीय रन-मशीन विराट कोहली भी अब इस लिस्ट में बाबर से पीछे हो गए हैं, क्योंकि कोहली को यहां तक पहुंचने में 360 पारियां लगी थीं.

कराची किंग्स और पेशावर जाल्मी के बीच खेले गए इस ऐतिहासिक मैच में बाबर आजम (Babar Azam) को 12 हजारी क्लब में शामिल होने के लिए मात्र 13 रनों की दरकार थी.जाल्मी की पारी के चौथे ओवर में जैसे ही उन्होंने यह रन पूरे किए, पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. लेकिन बाबर यहीं नहीं थमे. उन्होंने 51 गेंदों पर नाबाद 87 रनों की पारी खेलकर यह साबित कर दिया कि आखिर क्यों उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में गिना जाता है. उनकी इस शानदार पारी में 10 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे.

बाबर आजम टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बने.

बाबर ने मेंडिस के साथ 191 रनों की साझेदारी की
इस मैच में पेशावर जाल्मी की बल्लेबाजी किसी तूफान से कम नहीं थी. बाबर आजम ने दूसरे विकेट के लिए श्रीलंकाई बल्लेबाज कुसल मेंडिस के साथ मिलकर मात्र 97 गेंदों में 191 रनों की विशाल साझेदारी की. मेंडिस ने भी कराची के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 52 गेंदों में 109 रनों की शतकीय पारी खेली. पारी के अंत में अब्दुल समद ने मात्र 12 गेंदों में नाबाद 40 रन कूट दिए, जिससे पेशावर ने 20 ओवर में 246 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया.

बाबर आजम इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दूसरे पाकिस्तानी बने
बाबर आजम अब टी20 क्रिकेट में 12,000 रनों का आंकड़ा छूने वाले दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए है. उनसे पहले केवल अनुभवी शोएब मलिक ही इस क्लब का हिस्सा थे, जिन्होंने अपने 20 साल के लंबे करियर में 13,571 रन बनाए. हालांकि, जिस रफ्तार से बाबर का बल्ला रन उगल रहा है, उसे देखते हुए वह दिन दूर नहीं जब वह मलिक को पछाड़कर पाकिस्तान के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बन जाएंगे. कराची की यह रात न केवल बाबर के रिकॉर्ड के लिए, बल्कि उनके बल्ले से निकली क्लासिक पारी के लिए भी हमेशा याद रखी जाएगी.

बाबर आजम रिकॉर्ड्स की दुनिया के नए बादशाह
बाबर आजम की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह मॉर्डन युग के सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाजों में से एक क्यों हैं. गेल और कोहली जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ना उनकी महानता को दर्शाता है. पीएसएल 2026 में उनकी यह फॉर्म न केवल पेशावर जाल्मी के लिए शुभ संकेत है, बल्कि विश्व क्रिकेट के लिए एक चेतावनी भी है कि बाबर का बल्ला अब रुकने वाला नहीं है.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें



Source link