मैहर में चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद: तीन आरोपी गिरफ्तार, वाहन चोर गिरोह का सरगना फरार – Maihar News

मैहर में चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद:  तीन आरोपी गिरफ्तार, वाहन चोर गिरोह का सरगना फरार – Maihar News




मैहर जिले की रामनगर पुलिस ने एक महीने पहले चोरी हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को बरामद किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाहन चोर गिरोह का मुख्य सरगना अभी भी फरार है। पुलिस के अनुसार, यह घटना बीते 13 मार्च की रात को हुई थी। झिन्ना गांव निवासी महेंद्र कुमार शुक्ला के घर के बाहर से उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली अज्ञात बदमाशों ने चुरा लिया था। पीड़ित ने अगले दिन रामनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लगभग एक महीने की गहन छानबीन के बाद, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर जट्ठहा गांव के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने एक लाल रंग के बिना नंबर वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। चेसिस और इंजन नंबर की जांच करने पर उसकी पहचान महेंद्र शुक्ला के चोरी हुए वाहन के रूप में हुई। इनको किया गिरफ्तार पुलिस ने 9 लाख रुपए कीमत के इस ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इनकी पहचान अनमोल जायसवाल (20 वर्ष, निवासी बाणसागर, थाना देवलोंध), हरिओम बैश (21 वर्ष, निवासी चचाई, जिला शहडोल) और अभिषेक शर्मा (19 वर्ष, निवासी बूढाबाउर, थाना रामनगर) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की थी और उसे बेचने की फिराक में थे। रामनगर पुलिस अब इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है।



Source link