शाजापुर में अतिक्रमण पर कार्रवाई, 28 हजार जुर्माना वसूला: चालान काटने पर दुकानदार ने एसिड पीने की धमकी दी; टीम ने जेसीबी से अतिरिक्त शेड हटाए – shajapur (MP) News

शाजापुर में अतिक्रमण पर कार्रवाई, 28 हजार जुर्माना वसूला:  चालान काटने पर दुकानदार ने एसिड पीने की धमकी दी; टीम ने जेसीबी से अतिरिक्त शेड हटाए – shajapur (MP) News




शाजापुर में गुरुवार शाम प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। एसडीएम मनीषा वास्कले के नेतृत्व में नगर पालिका, राजस्व और पुलिस की टीम ने शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक बस स्टैंड से आजाद चौक के बीच सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। इस दौरान 23 स्थानों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 28 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। बस स्टैंड स्थित पर एक दुकान संचालक ने 5000 रुपए के चालान काटने का विरोध करते हुए एसिड की बोतल निकाल ली और उसे पीने की धमकी देने लगा। मौके पर मौजूद एसडीएम और पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। जेसीबी की मदद से हटाए अतिरिक्त शेड और गुमटियां प्रशासनिक टीम ने मुख्य मार्ग के दोनों ओर जेसीबी चलाकर दुकानों के बाहर निकले अतिरिक्त शेड, काउंटर और अवैध रूप से रखी गुमटियों को हटा दिया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानों का बाहर रखा सामान भी जब्त किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। कार्रवाई के दौरान दुकानदार ने दी जान देने की धमकी बस स्टैंड स्थित यादव उपहार गृह पर जब टीम कार्रवाई करने पहुंची, तो वहां जमकर हंगामा हुआ। दुकान संचालक ने 5000 रुपये का चालान काटने का विरोध किया और बहस के दौरान दुकान के अंदर से एसिड की बोतल लेकर पीने की धमकी देने लगा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और कार्रवाई आगे बढ़ाई। लस्सी दुकान के काउंटर को हटाने पर हुई तीखी बहस सम्राट लस्सी दुकान के पास भी अतिक्रमण हटाने के दौरान विवाद की स्थिति बनी। दुकानदार द्वारा सामान हटाने का प्रयास किए जाने के बावजूद नगर पालिका कर्मचारियों ने काउंटर हटा दिया, जिससे सामान बिखर गया। इस दौरान दुकानदार और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई, जिसे पुलिस बल ने शांत कराया। एसडीएम मनीषा वास्कले ने बताया- सड़कों पर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित हो रहा था, जिसके चलते यह कदम उठाया गया। शहर की व्यवस्था सुधारने के लिए भविष्य में भी इसी तरह के नियमित अभियान जारी रहेंगे। अभियान में कोतवाली पुलिस और यातायात विभाग का अमला भी तैनात रहा।



Source link