Last Updated:
उज्जैन से करीब 75 किलोमीटर दूर एक तीन साल का बच्चा गहरे बोरवेल में गिर गया. अब बच्चे को निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटी हैं.
उज्जैन में बोरवेल में गिरा मासूम
Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. उज्जैन से 75 किलोमीटर दूर बड़नगर तहसील के ग्राम झलारिया में बोरवेल में एक तीन साल का मासूम बच्चा गिर गया. बताया जा रहा है कि वह 60 से 70 फीट नीच अटक गया है. घटना शाम के 7 बजे की बताई जा रही है. अब बच्चे को निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि प्रवीण देवासी का परिवार राजस्थान के जिला पाली से भेड़ चराने के लिए आए थे. परिवार उज्जैन के बड़नगर इलाके में भेड़ चरा रहा था. इस दौरान बच्चा खेलते हुए बोरवेल में गिर गया. बोरवेल ग्राम झलारिया के समीप पलदूना रोड़ पर बताई जा रही है. मासूम का नाम भागीरथ है.
बच्चे को निकालने में जुटी हुई हैं टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अमला मौके पर पहुंचा गया. बच्चे को निकालने के लिए एसडीएम धीरेंद्र पाराशर, तहसीलदार रुपाली जैन, एसडीओपी महेंद्र सिंह परमार, थाना प्रभारी अशोक पाटीदार एवं राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची. इसके अलावा रेस्क्यू टीम बच्चे को निकालने का प्रयास कर रही है. प्रशासन जल्द से जल्द बच्चे को निकालने में जुट गया है. कई टीमें रेस्क्यू के काम में जुटी हुई हैं.