पानी विवाद में हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार: सिंगरौली के सुकहर गांव में हैंडपंप पर झगड़ा, घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत – Singrauli News

पानी विवाद में हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार:  सिंगरौली के सुकहर गांव में हैंडपंप पर झगड़ा, घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत – Singrauli News




सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के सुकहर गांव में पानी भरने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 मार्च 2026 को हुई थी। हैंडपंप से पानी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया। इस झड़प में कई लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल रामा बादीगीर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 7 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा (302) जोड़कर जांच को आगे बढ़ाया। मृतक रामा बादीगीर की पत्नी सुखमंती देवी ने बताया कि उनकी बेटी पानी भरने गई थी, जहां आरोपी शराब के नशे में बैठे थे। आरोपियों ने कहा था कि “हैंडपंप किसी के बाप का नहीं है, पानी नहीं भरने देंगे।” इसके बाद आरोपियों ने रामा बादीगीर के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे और विभिन्न राज्यों में छिपने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पहले एक आरोपी को पकड़ा। इसके बाद, बाकी चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी बरामद कर लिए हैं। चितरंगी थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने बताया कि यह कार्रवाई चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



Source link