सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र के बंधा गांव में गुरुवार रात एक युवती ने जहर का सेवन कर लिया, जिसकी शुक्रवार दोपहर उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और वे शव लेकर सीधे धूमा थाना पहुंच गए, जहां उन्होंने एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, युवती ने प्रेम प्रसंग से परेशान होकर जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर युवती की मौत हो गई। मृत्यु के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद आक्रोशित परिजन और कुछ ग्रामीण शव लेकर धूमा थाना पहुंचे। उन्होंने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि युवती ने मरने से पहले अपने प्रेमी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस उस आधार पर तत्काल कार्रवाई नहीं कर रही है। स्थिति को देखते हुए थाना परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था। थाना प्रभारी डोमन सिंह मरावी ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए जबलपुर के गढ़ा थाना से केस डायरी और जांच रिपोर्ट मंगाई जा रही है। इसी के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना की सूचना पहले स्थानीय स्तर पर नहीं दी गई थी। परिजन सीधे जबलपुर से एम्बुलेंस के माध्यम से शव लेकर थाने पहुंचे थे। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन वापस लौट गए और युवती का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Source link