रायसेन के दशहरा मैदान में 11 अप्रैल से कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में बड़ी संख्या में किसानों और आगंतुकों के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। जाम से बचने और कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। विदिशा-भोपाल मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
विदिशा की ओर से आने वाली बसें और चार पहिया वाहन गोपालपुर–सेंडोरा–दरगाह मार्ग से होते हुए सीधे कृषि उपज मंडी पहुंचेंगे। यहां उनके लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसी तरह, भोपाल, औबेदुल्लागंज और खरबई की ओर से आने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि सभी बड़े वाहन एक नियंत्रित मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकें। अन्य जिलों से आने वालों के लिए अलग पार्किंग
सागर, बाड़ी, बरेली, गैरतगंज, सिलवानी और बेगमगंज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। इन क्षेत्रों से आने वाले वाहन कन्या शाला परिसर में पार्क किए जाएंगे। यह व्यवस्था शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने में सहायक होगी। अधिकारियों और मीडिया के लिए अलग व्यवस्था
शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए अलग से पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनके वाहन कन्या महाविद्यालय और कृषि कार्यालय परिसर में पार्क किए जाएंगे, जिससे वीआईपी आवाजाही और व्यवस्थाओं में कोई बाधा न आए। दो पहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग
दो पहिया वाहन चालकों के लिए सागर तिराहा स्थित कामधेनु परिसर और वन विभाग परिसर में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे मुख्य कार्यक्रम स्थल के आसपास भीड़ कम रखने में मदद मिलेगी। पैदल आने वालों के लिए सुरक्षित मार्ग तय
पैदल आने वाले आगंतुकों के लिए भी सुरक्षित मार्ग तय किए गए हैं। भोपाल की ओर से आने वाले पैदल यात्री कृषि उपज मंडी के बगल वाले रास्ते से स्टेडियम के सामने होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। वहीं, सागर की ओर से आने वाले लोग रेत पीठा मार्ग से कृषि कार्यालय होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे। पुलिस ने की सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि सभी को सुविधा हो और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बता दें रायसेन में 11 से 13 अप्रैल तक तीन दिवसीय ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्देश्य किसानों को फसल प्रबंधन, बाजार व्यवस्था और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देना है। कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित कृषि वैज्ञानिक किसानों को मार्गदर्शन देंगे, जिससे खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके। देखें तस्वीरें
Source link