रीवा के सिविल लाइन थाना परिसर में 39 लावारिश मोटरसाइकिलों की नीलामी आज चर्चा का विषय बनी हुई है। नीलामी की शुरुआत 43,000 रुपए से हुई और अंतिम बोली 85,000 रुपए पर जाकर खत्म हुई, जिसे लखन बंसल ने लगाया। खास बात यह रही कि पूरी प्रक्रिया में केवल 4 लोग ही शामिल हुए। नीलामी में शामिल गाड़ियों की सूची ने लोगों को हैरान कर दिया। हीरो होंडा CD डीलक्स, हीरो HF डीलक्स, हीरो होंडा स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, TVS अपाचे 160 CC और बजाज डिस्कवर जैसे मॉडल भी इस नीलामी का हिस्सा थे। ऐसे में शहर में चर्चा है कि अगर यह ‘कबाड़’ था, तो फिर ठीक-ठाक गाड़ियां कैसी होती होंगी। थाना प्रभारी बोले-सभी कंडम स्थिति में थे अधिवक्ता बीके माला ने गाड़ियों की हालत और नीलामी प्रक्रिया दोनों पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि करीब 50,000 रुपए में नीलाम हुई गाड़ियों में से लगभग 10 गाड़ियां अच्छी स्थिति में थीं और कुछ नए मॉडल की भी थीं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नीलामी का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया गया, जिससे अधिक लोग इसमें भाग नहीं ले सके। हालांकि, थाना प्रभारी विजय सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी वाहन कंडम स्थिति में थे और लंबे समय से लावारिश पड़े थे। उन्होंने बताया कि नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के तहत संपन्न कराई गई है। फिलहाल, यह नीलामी शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है—लोग इसे जहां एक ओर सस्ती डील मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।
Source link