MP दिनभर: MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास. 1. रेलवे ट्रैक पर 3 टुकड़ों में मिला BJP नेता: रेप केस का आरोपी था दमोह में रेप के आरोपी और भाजपा से जुड़े जनपद सदस्य का शव रेलवे ट्रैक पर तीन टुकड़ों में मिला। मृतक पर एक नाबालिग ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि यह आत्महत्या हो सकती है, लेकिन हत्या की एंगल से भी जांच जारी है। शव की शिनाख्त के लिए DNA टेस्ट कराया जाएगा। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। पढ़ें पूरी खबर 2. ओंकारेश्वर में नाव हादसा: 10 श्रद्धालु डूबे, सभी की जान बची खंडवा के ओंकारेश्वर में बड़ा नाव हादसा टल गया। नर्मदा नदी में नाव चट्टान से टकराकर पलट गई, जिससे 10 श्रद्धालु पानी में डूब गए। रेस्क्यू टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दो लोगों के फेफड़ों में पानी भर गया था, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी श्रद्धालु झारखंड के रांची से आए 52 लोगों के समूह का हिस्सा थे। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर 3. 19 घंटे से बोरवेल में मासूम: कैमरे में दिखा हाथ-सिर, मां की हालत खराब उज्जैन के बड़नगर में 2 साल का भागीरथ 19 घंटे से बोरवेल में फंसा है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और बच्चे की हलचल कैमरे में दिखाई दी है, जिससे उम्मीद बनी हुई है। टीम समानांतर सुरंग खोद रही है, लेकिन बीच में चट्टान आने से दिक्कत हो रही है। मौके पर NDRF और प्रशासन की टीमें तैनात हैं। मां बेसुध है और बार-बार बच्चे की सलामती की दुआ कर रही है। पूरा गांव दहशत और उम्मीद के बीच इंतजार कर रहा है। पढ़ें पूरी खबर 4. ड्यूटी से लौट रहे RTO अफसर को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत ग्वालियर में RTO सब-इंस्पेक्टर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने जीजा के साथ बाइक से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद विभाग में शोक का माहौल है। पढ़ें पूरी खबर 5. केन-बेतवा प्रोजेक्ट पर बवाल: आक्रोशित लोगों से बचकर भागे अधिकारी छतरपुर में केन-बेतवा प्रोजेक्ट के विस्थापितों का गुस्सा फूट पड़ा। मुआवजा वितरण में रिश्वतखोरी के आरोप लगाते हुए लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति इतनी बिगड़ी कि अधिकारियों को मौके से जूते-चप्पल छोड़कर भागना पड़ा। प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी है। दिल्ली जाकर शिकायत करने से रोके जाने पर लोग और भड़क गए। मामला अब राजनीतिक रंग भी पकड़ता नजर आ रहा है। पढ़ें पूरी खबर 6. MP में गर्मी का अलर्ट: बारिश थमी, 6°C तक बढ़ेगा तापमान मध्यप्रदेश में अब मौसम साफ हो गया है और गर्मी तेजी से बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों में तापमान 4 से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है। फिलहाल किसी भी जिले में बारिश के आसार नहीं हैं। इससे लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। पढ़ें पूरी खबर 7. स्मार्ट मीटर पर भड़का गांव: लोगों ने मीटर जलाए, कर्मचारियों को खदेड़ा सीहोर में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर बवाल हो गया। ग्रामीणों ने जबरन मीटर लगाने पहुंचे कर्मचारियों का विरोध किया और कई मीटरों में आग लगा दी। लोगों का आरोप है कि निजी कंपनी डराकर मीटर लगा रही है, जिसे वे बर्दाश्त नहीं करेंगे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर 8. AIIMS में नई पहल: अब गर्भवती महिला की मौत का कारण 90 मिनट में पता चलेगा भोपाल AIIMS में क्लिनिकल ऑटोप्सी की सुविधा शुरू हुई है। इससे गर्भावस्था के दौरान होने वाली मौतों का कारण डेढ़ घंटे में पता चल सकेगा। खास बात यह है कि इसमें पुलिस का कोई दखल नहीं रहेगा और प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त होगी। यह पहल मातृ मृत्यु दर कम करने में अहम साबित हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके 9. मंडला में 700 कुत्तों के अंग मिले: नसबंदी घोटाले की आशंका मंडला में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां करीब 700 कुत्तों के शरीर के अंग डिब्बों में मिले। इन्हें खराब होने से बचाने के लिए केमिकल डाला गया था। मामला डॉग नसबंदी के नाम पर बड़े घोटाले की ओर इशारा कर रहा है। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट 10. रायसेन में कृषि महाकुंभ: रक्षा मंत्री करेंगे उद्घाटन रायसेन में 11 अप्रैल से कृषि मेले की शुरुआत होने जा रही है। इसका उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। मेले में किसानों के लिए नई तकनीक, योजनाओं और उपकरणों की जानकारी दी जाएगी। इसे राज्य के कृषि क्षेत्र के लिए अहम आयोजन माना जा रहा है।
Source link