Last Updated:
Sanju Samson IPL Century: चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी पहनने के बाद से संजू सैमसन जिस फॉर्म की तलाश कर रहे थे वो पूरी हो चुकी है. शुरुआती तीन मुकाबलों में सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में सैमसन ने अपना प्रचंड फॉर्म दिखाते हुए शतक जड़ दिया. उन्होंने सिर्फ 52 गेंदों में सैकड़ा जमाया.
संजू सैमसन ने चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में जमाया पहला सैकड़ा.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के शुरुआत तीन मुकाबलों में सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट होने के बाद संजू सैमसन प्रचंड फॉर्म में लौट चुके हैं. पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में यह सीजन खेल रहे सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 115 रन की पारी खेली. खास बात यह है कि सैमसन की यह बल्लेबाजी चेन्नई सुपर किंग्स के होम ग्राउंड चेपॉक में आई. सैमसन ने शतक पूरा करने के लिए 52 गेंदों का सामना किया. चौके के साथ सैमसन ने शतक तक पहुंचे और फिर बल्ला और हेलमेट हवा में उठाकर इस सेंचुरी का जश्न मनाया. बता दें कि आईपीएल 2026 में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया यह पहला शतक है. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में पहला शतक लगाते हुए सैमसन ने आईपीएल में अपना चौथा हंड्रेड पूरा किया.
चेन्नई की जर्सी में गरजा संजू का बल्ला
सीजन के शुरुआती तीन मुकाबलों में सैमसन के सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट होने के बाद उनकी फॉर्म को लेकर सवाल खड़े होने लगे थे, लेकिन इसका जवाब उन्होंने दिल्ली के खिलाफ नाबाद शतक जड़कर दे दिया. ओपनिंग करने उतरे सैमसन मुकाबले में पहली ही गेंद से लय में नजर आए. उन्होंने पावरप्ले में चौकों की झड़ी लगाई. उन्होंने 27 गेंदों में फिफ्टी पूरी की. इसके बाद सैमसन ने और घातक रूप अपनाते हुए छक्के लगाना शुरू कर दिया. 18वें ओवर में वो मौका आया, जब सैमसन ने शतक जमाया. टी नटराजन की यॉर्कर गेंद पर सैमसन के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद विकेट के लिए पीछे चौके के लिए निकल गई. सैमसन का शतक पूरा होते ही चेपॉक के क्राउड उनकी शानदार बैटिंग के लिए तालियां बजाईं. सैमसन पारी का अंत तक क्रीज पर रहे और उन्होंने 56 गेंदों में नाबाद 115 रन बनाए. उनकी इस पारी में 15 चौके और चार छक्के शामिल रहे. इस शतक के साथ सैमसन ने उपलब्धियां भी नाम कर लीं.
संजू सैमसन ने बनाए नाबाद 115 रन.
जीवनदान का उठाया पूरा फायदा
संजू सैमसन जब 52 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब उनका कैच अक्षर पटेल की गेंद पर पथुम निसांका ने छोड़ दिया. हालांकि, इस जीवनदान का सैमसन ने भरपूर फायदा उठाते हुए शतक जड़ा. यह सैमसन का आईपीएल में चौथा शतक है. इसके साथ ही सैमसन तीन आईपीएल टीमों के लिए शतक लगाने वाले केएल राहुल के बाद दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. केएल राहुल ने पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए शतक बनाया था. वहीं, सैमसन इस मुकाबले से पहले दिल्ली और राजस्थान के लिए यह कारनामा कर चुके हैं.
ऐसा करने वाले सीएसके के दूसरे बल्लेबाज बने
सैमसन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शतक लगाने वाले सीएसके के दूसरे बल्लेबाज बन चुके हैं. उनसे पहले मुरली विजय ने 2012 में दिल्ली के खिलाफ 58 गेंदों में 113 रन की पारी खेली थी. सैमसन का आईपीएल में 115 रन का स्कोर दूसरा बेस्ट है. उनका आईपीएल में बेस्ट स्कोर 119 रन है, जो पंजाब किंग्स के खिलाफ 2021 में वानखेड़े के मैदान पर आया था. वहीं, चेन्नई के लिए आईपीएल में चौथी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. मुरली विजय के नाम यह रिकॉर्ड है, जिन्होंने राजस्थान के खिलाफ 2010 में चेन्नई की जर्सी में 127 रन बनाए थे.
चेन्नई सुपर किंग्स ने बनाए 212 रन
संजू सैमसन के नाबाद 115 रनों से चेन्नई सुपर किंग्स ने दो विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए. सैमसन के अलावा आयुष म्हात्रे ने 59 रन की पारी खेली. म्हात्रे रिटायर्ड आउट हुए. उनके जगह क्रीज पर आए शिवम दुबे ने 10 गेंदों में 20 रन की नाबाद महत्वपूर्ण पारी खेली. कप्तान रुतुराज सिर्फ 15 रन ही बना सके. दिल्ली से साधारण गेंदबाजी देखने को मिली. दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल की एकमात्र गेंदबाज रहे, जिन्हें विकेट मिला. उनके खाते में एक विकेट आया.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें