इंदौर की तुकोगंज पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के ऑफिस पर छापामार कार्रवाई की है। बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स के सामने संचालित “इन्फिनिक्स इन्फोटेक” कंपनी से जुड़े 5 लोगों को मामले मे आरोपी बनाया गया है। तुकोगंज पुलिस ने डीसीपी राजेश व्यास के आदेश पर कार्रवाई करते हुए 23 CPU, 14 लैपटॉप, 4 DVR, मॉनिटर, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, चेकबुक और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त सामान की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। मोटा मुनाफा बताकर 4.80 लाख जमा कराए मामले में कंपनी संचालक मनीष पांडे समेत अनिमेष चौहान, संदीप त्यागी, अनुराग सैंडलानी और नेहा जैन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस मामले में नितिश भगत निवासी देपालपुर ने शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि नवंबर 2024 में उन्हें कॉल कर शेयर मार्केट में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया गया। शुरुआत में डेमो प्रॉफिट दिखाकर भरोसा जीता गया, फिर अलग-अलग बहानों से उनसे करीब 4.80 लाख रुपए जमा कराए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी सॉफ्टवेयर और टर्मिनल के जरिए निवेशकों को स्क्रीन पर मुनाफा दिखाते थे और ज्यादा पैसा लगाने के लिए उकसाते थे। जब पैसे निकालने की बात आती, तो बहाने बनाकर टाल दिया जाता था।
Source link