प्रेमी ने लगाई फांसी, प्रेमिका ने खाया जहर: बैतूल में 25 वर्षीय मैनेजर की मौत; एक दिन पहले डैम में कूदने गई थी युवती – Betul News

प्रेमी ने लगाई फांसी, प्रेमिका ने खाया जहर:  बैतूल में 25 वर्षीय मैनेजर की मौत; एक दिन पहले डैम में कूदने गई थी युवती – Betul News




बैतूल के महावीर वार्ड में प्रेम-प्रसंग के चलते 25 वर्षीय युवक ने शुक्रवार शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, युवक की मौत से आहत होकर उसकी महिला दोस्त ने भी शनिवार सुबह जहर (सल्फास/एसिड) खा लिया। वर्तमान में कोतवाली पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है, जबकि जहर खाने वाली युवती का भी जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। रायपुर में मैनेजर था इकलौता बेटा, पड़ोस में रहती थी प्रेमिका जानकारी के अनुसार, टिकारी क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय शिवांश सोनी रायपुर स्थित इंडियन कॉफी हाउस में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसके पिता राजेंद्र सोनी छिंदवाड़ा में शिक्षक हैं। 2-3 दिन पहले ही बैतूल आए शिवांश ने शुक्रवार शाम महावीर वार्ड स्थित घर की छत के कमरे में फांसी लगा ली। इसके बाद पड़ोस में किराए से रहने वाली और कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करने वाली उसकी महिला दोस्त ने भी शनिवार सुबह जहर का सेवन कर लिया। मूल रूप से साईंखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली युवती उम्र में युवक से करीब 2 साल बड़ी है। एक दिन पहले डैम में कूदने गई थी युवती, पुलिस ने बचाया था बताया जा रहा है कि इस घटना से एक दिन पहले युवती कोसमी डैम में कूदकर आत्महत्या करने पहुंच गई थी, जहां पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने उसे समय रहते रोक लिया था। पुलिस ने करीब 3-4 घंटे तक काउंसलिंग कर उसे समझाइश दी और सुरक्षित घर पहुंचाया था। उस दौरान युवती ने पुलिस को बताया था कि युवक “मरना ही है” जैसी बातें कर रहा है। शुक्रवार को युवक की मौत के बाद आहत युवती ने सुबह यह आत्मघाती कदम उठा लिया। रिश्ते के लिए सहमत थे परिजन, फिर भी थे मानसिक रूप से परेशान पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। परिजनों की ओर से भी इस रिश्ते के लिए सहमति होने की बात सामने आई है। परिजनों की रजामंदी के बावजूद किसी कारणवश दोनों मानसिक रूप से परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link