बुरहानपुर में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती शनिवार को मनाई गई। इस अवसर पर नगर निगम महापौर माधुरी पटेल ने शनवारा चौराहे स्थित ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान समाजजन और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर माधुरी पटेल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज में समानता, शिक्षा और न्याय के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए, जो आज भी प्रेरणास्रोत हैं। कहा- सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना चाहिए
महापौर ने कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में शिक्षा का प्रसार, समान अवसर और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और सम्मान नहीं पहुंचेगा, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है। महापौर ने सभी से मिलकर एक ऐसे समाज के निर्माण का आह्वान किया, जहां हर व्यक्ति को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि यही महात्मा ज्योतिबा फुले को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ मनोज माने, पूर्व महापौर अनिल भोंसले, एमआईसी सदस्य धनराज महाजन, गजेंद्र पाटिल सहित बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Source link