खंडवा जिले में शुक्रवार को बेटी के निकाह का निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे दंपती की बाइक से एक जंगली जानवर टकरा गया, जिससे 40 वर्षीय पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई और 45 वर्षीय पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पति का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने शनिवार को जिला अस्पताल में पत्नी के शव का पोस्टमार्टम कराया है और हादसे के बाद परिवार ने 13 अप्रैल को होने वाली शादी को फिलहाल निरस्त कर दिया है। शेखपुरा से लौटते समय रास्ते में हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, चारखेड़ा निवासी अयूब खान (45) अपनी पत्नी बिलकिस (40) के साथ शुक्रवार को रिश्तेदारों के घर शेखपुरा क्षेत्र में बेटी के निकाह का कार्ड देने गए थे। वापसी के दौरान अचानक सड़क पार कर रहे एक जंगली जानवर से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे में बिलकिस के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अयूब खान घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 13 को था बेटी का निकाह, परिवार ने निरस्त की तारीख परिजनों के मुताबिक, अयूब खान की बेटी का निकाह 13 अप्रैल को तय था और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। पूरा परिवार निमंत्रण बांटने में जुटा हुआ था, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियों को गम में बदल दिया। रिश्तेदार शेख करीम ने बताया कि इस दुखद घटना के बाद परिवार ने फिलहाल निकाह की तारीख को निरस्त कर दिया है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Source link