Last Updated:
priyansh arya broke sehwag record: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में ओपनिंग करते हुए पारी के पहले ही ओवर में प्रियांश आर्य ने 18 रन बनाए. इसके साथ ही वह पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल मैच की पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. प्रियांश ने वीरेंद्र सहवाग का 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा.
प्रियांश आर्य ने तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. पंजाब किंग्स के युवा ओपनर बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़कर तहलका मचाया. 220 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रियांश ने प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर पंजाब को न सिर्फ जबरदस्त शुरुआत दिलाई, बल्कि टीम के लिए जीत की नींव भी रखी. इन दोनों की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी के बाद श्रेयस अय्यर की 69 रनों की नाबाद कप्तानी पारी से पंजाब ने यह मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया. रन चेज के दौरान प्रियांश आर्य ने पारी के पहले ही ओवर में एक बड़ा कीर्तिमान बना दिया.
दरअसल, प्रियांश आर्य आईपीएल पारी के पहले ओवर में पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम था. सहवाग ने 2014 में कटक में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले ओवर में 16 रन बनाए थे. प्रियांश ने पिछले साल भी खलील अहमद के खिलाफ 16 रन बनाए थे, लेकिन आज 18 रन बनाकर वे सहवाग से आगे निकल गए.
प्रियांश आर्य ने तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड.
हर्ष दुबे के ओवर की शुरुआत प्रियांश ने चौके के साथ की, फिर दो रन लिए. हालांकि, वह एक LBW की अपील से बचे, लेकिन इसके बाद फिर से दो रन लिए और आखिरी दो गेंदों पर एक छक्का और एक चौका जड़कर कुल 18 रन बटोर लिए. आईपीएल मैच की पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है, जिन्होंने 2023 में नीतीश राणा के खिलाफ 26 रन कूटे थे. मौजूदा सीजन में केकेआर के फिन एलेन ने हैदराबाद के खिलाफ पहले ओवर में 24 रन बनाए थे.
प्रियांश ने 16 गेंदों में ठोकी फिफ्टी
दिल्ली की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले प्रियांश आर्य ने इस मैच में केवल 16 गेंदों में 50 रन ठोक दिए. 220 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने पंजाब को धमाकेदार शुरुआत दी. यह पंजाब किंग्स के इतिहास की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है. पंजाब के लिए सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड अभी भी केएल राहुल के नाम है, जिन्होंने 2018 में दिल्ली के खिलाफ सिर्फ 14 गेंदों में 50 रन बनाए थे. IPL इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है. उन्होंने 2023 में कोलकाता के खिलाफ महज 13 गेंदों में यह कारनामा किया था.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें