Last Updated:
Ayush Mhatre Retire Out: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने एक चौंकाने वाला रणनीतिक दांव खेला. शानदार अर्धशतक जमा चुके युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को पारी के 18वें ओवर में ‘रिटायर्ड आउट’ कर वापस बुला लिया गया, ताकि शिवम दुबे जैसे हिटर का उपयोग किया जा सके. आईपीएल इतिहास में यह छठा मौका है जब किसी बल्लेबाज ने टीम के लिए अपना विकेट ‘बलिदान’ किया. धोनी की अनुपस्थिति में रुतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन की इस साहसी रणनीति ने फैंस को हैरान कर दिया.
आयुष म्हात्रे हुए रिटायर आउट.
नई दिल्ली. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल मैच में एक ऐसा साहसी फैसला लिया, जिसने क्रिकेट गलियारों में नई बहस छेड़ दी है. युवा सनसनी आयुष म्हात्रे, जो 36 गेंदों में 59 रनों की शानदार पारी खेल चुके थे, उन्हें 18वें ओवर के दौरान ‘रिटायर्ड आउट’ कर वापस बुला लिया गया. उनकी जगह शिवम दुबे को मैदान पर उतारा गया, ताकि आखिरी ओवरों में रनों की गति को रॉकेट की रफ्तार दी जा सके. अंडर 19 क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी के साथ ओपनिंग करने वाले आयुष की कप्तानी में भारत ने वर्ल्ड कप जीता था.
पारी का 18वां ओवर टी. नटराजन डाल रहे थे. 17.1 ओवर पर आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre) ने एक रन लेकर स्ट्राइक संजू सैमसन को दी. इसके तुरंत बाद डगआउट से इशारा मिलते ही आयुष म्हात्रे वापस ड्रेसिंग रूम की ओर चल दिए. स्टेडियम में मौजूद फैंस और कमेंटेटर भी एक पल के लिए हैरान रह गए, लेकिन सीएसके के खिलाड़ियों ने पीठ थपथपाकर उनका स्वागत किया. यह पूरी तरह से एक ‘टेक्टिकल मूव’ (रणनीतिक कदम) था. संजू सैमसन उस समय 52 रनों पर खेल रहे थे और टीम चाहती थी कि क्रीज पर एक ऐसा पावर-हिटर आए जो पहली ही गेंद से बड़े शॉट खेल सके.
आयुष म्हात्रे हुए रिटायर आउट.
आईपीएल इतिहास में रिटायर्ड आउट होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट
आयुष म्हात्रे अब आईपीएल के उन खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो गए हैं जिन्होंने टीम की रणनीति के लिए अपना विकेट ‘बलिदान’ किया. आईपीएल में रिटायर्ड आउट होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट अब और भी दिलचस्प हो गई है. आर अश्विन साल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रिटायर आउट हुए थे. यह आईपीएल इतिहास का पहला रिटायर्ड आउट था. अश्विन के बाद अथर्व तायडे साल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ साई सुदर्शन 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ, तिलक वर्मा 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ और डेवोन कॉनवे 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ ऐसे पवेलयिन लौट चुके हैं.
धोनी की अनुपस्थिति में रुतुराज का ‘मास्टरस्ट्रोक’
पिंडली की चोट के कारण एमएस धोनी भले ही होटल से मैच देख रहे हों, लेकिन मैदान पर उनकी कप्तानी वाली ‘आक्रामकता’ रुतुराज गायकवाड़ के फैसलों में साफ नजर आई. धोनी की गैरमौजूदगी में टीम लगातार हार झेल रही थी, ऐसे में म्हात्रे को वापस बुलाकर शिवम दुबे को भेजना यह दर्शाता है कि सीएसके अब पुरानी लीक छोड़कर मॉडर्न क्रिकेट की आक्रामक रणनीति अपना रही है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें