खंडवा में गौवंश तस्करी, पिकअप में मिले 19 गोवंश: बोरगांव पुलिस ने 4 आरोपी गिरफ्तार किए, बाइक से रैकी हो रही थी – Khandwa News

खंडवा में गौवंश तस्करी, पिकअप में मिले 19 गोवंश:  बोरगांव पुलिस ने 4 आरोपी गिरफ्तार किए, बाइक से रैकी हो रही थी – Khandwa News




खंडवा जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोरगांव पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की गई पिकअप वाहन, एक बाइक और कुल 19 गौवंश बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंश को क्रूरता पूर्वक भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम ने ग्राम राजोरा के पास घेराबंदी कर एक पिकअप (MP10 GA 0169) को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में 4 गोवंश ठूंस-ठूंस कर बांधे हुए मिले। दस्तावेज मांगने पर चालक सोनू मासरे और उसके साथी रंजीत उर्फ गोलू कोई कागजात पेश नहीं कर सके और पूछताछ में वध के लिए ले जाना स्वीकार किया। खास बात यह है कि आरोपियों के द्वारा पिकअप के आगे आगे बाइक से रैकी की जाती थी। बावजूद वे लोग पुलिस के शिकंजे में आ गए। जांच में खुलासा, घर से मिले 15 और गोवंश
पूछताछ के दौरान कादिर पटेल, महेश चौहान और कमल के नाम सामने आए। पुलिस ने राजोरा में कादिर पटेल के घर दबिश दी, जहां 15 गोवंश क्रूरता पूर्वक बांधकर रखे गए थे। सभी को जब्त कर सुरक्षित गौशाला भेजा गया, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। इस तरह कादिर पटेल (37) निवासी राजोरा, महेश चौहान (33) निवासी बोरगांव, रंजीत उर्फ गोलू (25) और सोनू मासरे (25) निवासी भिलवाड़ी को गिरफ्तार किया। इन धाराओं में केस दर्ज
आरोपियों के खिलाफ गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जमानत मिल गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ जिले और अन्य जिलों में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।



Source link