Last Updated:
Guna News: मध्य प्रदेश के गुना में जन्मदिन की पार्टी में खूब मारपीट हुई. छोटे से विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया. इसके बाद आरोपी ने पिक-अप वाहन चलाकर कई लोगों को रौंद दिया. घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है.
गुना में जन्मदिन पार्टी में जमकर बवाल (AI तस्वीर)
किसी भी व्यक्ति की जब जन्मदिन पार्टी होती है, तो सभी लोग बहुत ही ज्यादा खुश होते हैं. इस दौरान गीत गाते हैं और नाचते हैं. लेकिन मध्य प्रदेश के गुना में जन्मदिन पर पार्टी में खूनी मारपीट हुई. इस दौरान तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर फट गए. पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
काली मंदिर के पास पिछला मंडी गेट नानाखेड़ी में रहने वाले फरियादी श्याम सिंह कुशवाह ने बताया कि 10 अप्रैल की रात करीब 10 बजे काली माता मंदिर के पास देवेंद्र रघुवंशी, दीपेंद्र रघुवंशी, आकाश रघुवंशी और पुष्पेंद्र रघुवंशी आपस में जन्मदिन मना रहे थे. इसी दौरान इन लोगों में आपसी कहासुनी हो गई और वे गाली-गलौज पर उतर आए. श्याम कुशवाह ने जब गाली देने से मना किया तो आरोपी दीपेंद्र रघुवंशी ने उन्हें लाठी से मारा, जिससे उनके माथे पर गहरी चोट लगी और खून निकल आया.
पिक-अप वाहन से मारी टक्कर
चीख-पुकार सुनकर श्याम के भाई दिलीप, राजू तथा पिता गैंदालाल मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने चारों को डंडों से बुरी तरह पीटा. भाई दिलीप के सिर में, राजू के सिर और पैर में गहरी चोटें आईं और खून बहने लगा. मारपीट के बाद आरोपी दीपेंद्र रघुवंशी अपनी पिकअप गाड़ी (एमपी 08 जीए 4342) से लोगों को रौंदता हुआ फरार हो गया, जिससे श्याम के पिता गैंदालाल को भी टक्कर लगी.
पीड़ित ने रात में ही दर्ज करवाई एफआईआर
घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई थी. श्याम के भाई गोपाल और लक्ष्मण कुशवाह ने बीच-बचाव किया. आरोपी जाते-जाते यह धमकी भी दे गए कि आगे से टोका तो जान से मार देंगे. श्याम ने रात को ही थाने पहुंचकर मौखिक सूचना दी, लेकिन घायल भाइयों और पिता को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद 11 अप्रैल की सुबह 1 बजकर 51 मिनट पर एफआईआर दर्ज कराई. थाना कैंट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(b), 115(2), 351(2), 281, 125(a) और 3(5) के तहत मामला दर्ज हुआ है.