डिंडौरी जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब लोग सड़क किनारे खड़ी बोलेरो का पंचर बना रहे थे। तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन (टैंकर) ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो कई मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। डिंडोरी के गाड़ा सरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के पास जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर रात करीब ढाई बजे बोलेरो (एमपी 65 जेडडी 1118) का पंचर बनाया जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे कैप्सूल वाहन (एमपी 19 जेडओ 9351) ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल को गाड़ा सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक परसवाह गांव के रहने वाले थे और एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। टक्कर के बाद कैप्सूल वाहन ने बोलेरो को करीब 300 मीटर तक घसीटा। इस दौरान सड़क किनारे बनी छोटी मढ़िया, बिजली का पोल और यात्री प्रतीक्षालय भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और एसपी वाहिनी सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। खबर अपडेट की जा रही है…
Source link