सतना जिले के सिंहपुर क्षेत्र के बेलगहना गांव में रविवार दोपहर एक ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। इस घटना में लगभग 70 एकड़ से अधिक में खड़ी पकी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। आग से 15 किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, खेतों की मेढ़ पर लगे ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में तेजी से फैल गई। ग्रामीणों की मदद से एक घंटे में काबू पाया
ग्रामीणों ने तत्काल अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि, पता चला कि दमकल वाहन नोनिया गांव में हुई एक अन्य आग की घटना में व्यस्त था। लगभग आधे घंटे बाद नागौद नगर परिषद का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस आग की घटना में जिन किसानों को भारी नुकसान हुआ है, उनमें सोमेश मिश्रा, सोनू मिश्रा, रतन मिश्रा, अवधेश तिवारी और ध्रुव कुमार तिवारी सहित कुल 15 किसान शामिल हैं। ध्रुव कुमार तिवारी ने बताया कि उनकी बेटी का सोमवार को मैहर में तिलक होना था और शादी की पूरी व्यवस्था इस साल की अच्छी फसल पर निर्भर थी। घटना की सूचना मिलने पर सिंहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़ित किसानों से हुई क्षति की जानकारी ली। किसानों को हुए वास्तविक नुकसान का मूल्यांकन सोमवार को राजस्व विभाग की टीम द्वारा किया जाएगा।
Source link