मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर रविवार शाम तिंदनी और फूलसागर के बीच लोहे के गार्डर से लदे एक ट्रॉले में अचानक आग लग गई। शाम करीब 5 बजे हुई इस घटना में ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। ड्राइवर राजा कुमार ने बताया कि ट्रक रायपुर से बीना सागर की तरफ जा रहा था, तभी शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ। आग लगते ही ड्राइवर ने फुर्ती दिखाई और ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। टायर फटने से जोरदार धमाके आग इतनी भीषण थी कि ट्रक का डीजल टैंक और टायर फटने से जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास के लोग सहम गए। पास के खेतों में गेहूं की फसल खड़ी थी, जिसे लेकर किसान काफी डर गए थे कि कहीं आग खेतों तक न पहुंच जाए। इस हादसे की वजह से हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक जाम लगा रहा। दमकल विभाग ने बुझाई आग स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह बर्बाद हो चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फिलहाल आग लगने के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। हाईवे पर अब यातायात को दोबारा सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
Source link