हरदा जिले को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां मिली हैं। जिले को मेट्रो सिटी स्तर की दो सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस प्राप्त हुई हैं, जिनकी कीमत 70 लाख रुपए प्रति एम्बुलेंस है। इसके साथ ही, जिला अस्पताल के नए भवन में महिलाओं के लिए ऑपरेशन थिएटर (ओटी) भी शुरू किया गया है। इन एम्बुलेंस में वेंटिलेटर, एयर कंडीशनर, दवाएं सुरक्षित रखने की व्यवस्था और ऑक्सीजन सप्लाई के लिए दो सिलेंडर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। इनमें से एक एम्बुलेंस दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए और दूसरी जिला मुख्यालय पर उपलब्ध रहेगी, जिससे मरीजों को बेहतर लाइफ सपोर्ट सिस्टम मिल सकेगा।
दोनों एम्बुलेंस सीएसआर फंड से मिलीं
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि ये दोनों एम्बुलेंस सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड के माध्यम से प्राप्त हुई हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नए अस्पताल भवन में शुरू किए गए ओटी में कल्चर रिपोर्ट आने के एक-दो दिन बाद गर्भवती महिलाओं के सीजर ऑपरेशन किए जा सकेंगे। कंपनी के इंडिपेंडेंट डायरेक्टर डॉ. विवेक अतुल भुस्कुटे ने बताया कि कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के साथ चर्चा और जिले की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की गई थी। टिमरनी विकासखंड में 80 से 100 किलोमीटर तक का वन क्षेत्र है, जहां अधिकांश कमजोर आय वर्ग के लोग निवास करते हैं। इन लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से ये एम्बुलेंस प्रदान की गई हैं। कलेक्टर ने कंपनी के काम को सराहा
प्रदान की गई दो एम्बुलेंस में से एक टिमरनी के वनवासी अंचल के लिए होगी, जबकि दूसरी का उपयोग जिला अस्पताल हरदा द्वारा किया जाएगा। कलेक्टर जैन ने सीएसआर गतिविधि के लिए हरदा जिले का चयन करने के लिए कंपनी के इंडिपेंडेंट डायरेक्टर और प्रबंधन को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि इन एम्बुलेंस का संचालन योगी कल्याण समिति के माध्यम से किया जाएगा। रेडक्रॉस सोसायटी के आनंद मुजुमदार ने कहा कि इन एम्बुलेंस वाहनों से दुर्घटना में घायल लोगों के साथ-साथ गंभीर बीमार व्यक्तियों और आपात स्थिति में गर्भवती महिलाओं को भी 108 सेवा की तरह मदद मिल सकेगी। क्षेत्र के समाजसेवियों ने हरदा जिले को मिली इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए डॉ. भुस्कुटे के प्रयासों की सराहना की है।
Source link