150 बंजारा सिख जत्था बुरहानपुर से हजूर साहिब रवाना: बैसाखी पर्व पर नांदेड के लिए 3 बसों से धार्मिक यात्रा शुरू – Burhanpur (MP) News

150 बंजारा सिख जत्था बुरहानपुर से हजूर साहिब रवाना:  बैसाखी पर्व पर नांदेड के लिए 3 बसों से धार्मिक यात्रा शुरू – Burhanpur (MP) News




बैसाखी पर्व के अवसर पर बुरहानपुर जिले के श्री गुरुद्वारा दुख निवारण साहेब मातापुर से लगभग 150 बंजारा सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था हजूर साहिब नांदेड के लिए रवाना हुआ। यह जत्था तीन बसों में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर निकला। इस यात्रा से क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखा गया। इस धार्मिक यात्रा का नेतृत्व वेस्ट सेक्रामेंटो, यूएसए के प्रधान सरदार नरेंद्र सिंह थांदी कर रहे हैं। उन्होंने गुरु नानक नाम लेवा बंजारा सिख संगत को दर्शन कराने का संकल्प लिया है, जिसकी समाज में सराहना की जा रही है। इस अवसर पर बंजारा सिख प्रचारक राजा सिंह राठौड़ और गुरुद्वारा सिंघ सभा खंडवा के रागी ईश्वर सिंह भी उपस्थित थे। राजा सिंह राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि बंजारा सिखों का इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने बताया कि समाज आज भी गुरु की शिक्षाओं का पालन करते हुए नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। रागी ईश्वर सिंह ने इस दौरान बताया कि समाज में तेजी से जागरूकता बढ़ रही है। लोग नशे और व्यसनों से दूर होकर सिक्खी को अपना रहे हैं, जिससे सकारात्मक बदलाव आ रहा है। यह यात्रा शहीद बब्बर बाबा करम सिंहजी थांदी की प्रेरणा से आयोजित की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज को धार्मिक रूप से सशक्त करना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना है। बैसाखी के अवसर पर निकली यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में एकता, भाईचारे और सेवा भावना का संदेश भी देती है।



Source link