MP में किसानों के लिए विशेष कृषि रोडमैप जारी, शिवराज सिंह बोले… ये समृद्धि की चाबी

MP में किसानों के लिए विशेष कृषि रोडमैप जारी, शिवराज सिंह बोले… ये समृद्धि की चाबी


Last Updated:

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया, रोडमैप के तहत किसानों को सुझाव दिया जाएगा कि उनके जिले में कौन-सी फसल, कौन-सी किस्म और हॉर्टिकल्चर के कौन-से विकल्प सबसे अधिक लाभदायक होंगे.

Zoom

रायसेन में कृषि रोडमैप जारी करते शिवराज सिंह चौहान.

रिपोर्ट: दिनेश यादव

Raisen News: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन के दशहरा मैदान में आयोजित ‘उन्नत कृषि महोत्सव 2026’ के दौरान मध्य प्रदेश के चार जिलों के लिए विशेष कृषि रोडमैप जारी किया और प्रदेश के कृषि मंत्री को सौंप दिया.

इस रोडमैप में रायसेन, विदिशा, सीहोर और देवास शामिल हैं. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के वैज्ञानिकों द्वारा तैयार यह ब्लूप्रिंट मिट्टी की प्रकृति, जलवायु, तापमान, वर्षा और उपलब्ध जल संसाधनों के आधार पर फसलों का वैज्ञानिक चयन सुनिश्चित करेगा.

ये कोई साधारण योजना नहीं…
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ”अब खेती देखा-देखी या परंपरागत ढंग से नहीं होगी. किसान मिट्टी की तासीर और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार फसल चुनेंगे, जिससे लागत कम होगी और आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.” उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि किसानों की समृद्धि की चाबी है.

पूरे प्रदेश में लागू होगी ये योजना
कृषि मंत्री ने बताया, रोडमैप के तहत किसानों को सुझाव दिया जाएगा कि उनके जिले में कौन-सी फसल, कौन-सी किस्म और हॉर्टिकल्चर के कौन-से विकल्प सबसे अधिक लाभदायक होंगे. प्रथम चरण में इन चार जिलों में सफलता मिलने के बाद इस मॉडल को पूरे मध्य प्रदेश में लागू करने की योजना है.

किसानों की फिजूलखर्ची रुकेगी
आगे बताया, इस योजना से खाद, बीज और अन्य इनपुट्स पर होने वाली फिजूलखर्ची रुकेगी तथा कम लागत में अधिक उत्पादन का सपना साकार होगा. उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से पूरे मध्य प्रदेश का व्यापक कृषि रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिसे देश के अन्य राज्यों के लिए भी मॉडल बनाया जा सकता है.

‘उन्नत कृषि महोत्सव’ में एक एकड़ इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल का भी अवलोकन किया गया. इस पहल से मध्य प्रदेश की कृषि व्यवस्था में नई वैज्ञानिक धार आने की उम्मीद है. किसान संगठनों ने इस कदम का स्वागत किया है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link