Last Updated:
Aam Ka Tahua Recipe: गर्मियों में बघेलखंड की रसोई में कच्चे आम से बनने वाला टहुआ इन दिनों लोगों की पहली पसंद बन गया है. खट्टे-मीठे स्वाद और देसी तड़के से भरपूर यह डिश न सिर्फ स्वाद बढ़ा रही है, बल्कि गर्मी से राहत देने में भी कारगर साबित हो रही है.
Aam Ka Tahua Recipe: गर्मियों की तपती धूप और बढ़ते तापमान के बीच बघेलखंड की रसोई से एक ऐसी खुशबू उठती है जो न सिर्फ स्वाद बल्कि सुकून भी देती है. कच्चे आम से बनने वाला आम का टहुआ इन दिनों लोगों की पहली पसंद बन चुका है. खट्टे-मीठे स्वाद से भरपूर यह देसी डिश शरीर को ठंडक देने के साथ साथ गर्मी से राहत दिलाने में भी कारगर मानी जाती है. गांवों से लेकर शहरों तक हर घर में इसकी मांग इस सीजन में बढ़ जाती है.
पीढ़ियों से चली आ रही देसी परंपरा
बघेलखंड क्षेत्र में आम का टहुआ सिर्फ एक व्यंजन नहीं, बल्कि एक परंपरा है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही है. खासकर ग्रामीण इलाकों में महिलाएं इसे बड़े चाव से बनाती हैं और परिवार के साथ मिलकर इसका आनंद लेती हैं. लोकल 18 से बातचीत में स्थानीय निवासी उर्मिला मिश्रा बताती हैं कि टहुआ बनाना जितना आसान है, उतना ही स्वादिष्ट भी. यही कारण है कि यह व्यंजन गर्मियों के खास मौकों और दोपहर के भोजन का अहम हिस्सा बना हुआ है.
जानें कैसे बनेगा टहुआ
सबसे पहले कच्चे आम को पानी में अच्छी तरह उबाल लिया जाता है, ताकि वह नरम हो जाए. इसके बाद उसका छिलका हटाकर गूदा निकाला जाता है. उसे अच्छे से मैश किया जाता है या चाहे तो पहले ही छिलका उतारकर उसे पीस में कट लें. अब इस पीस या गूदे में स्वादानुसार गुड़ या शक्कर, नमक, काला नमक और जीरा मिलाया जाता है, जिससे इसका खट्टा मीठा स्वाद तैयार होता है. इसके बाद बेसन में पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार किया जाता है. उससे छोटे-छोटे पकोड़े तल लिए जाते हैं, जिन्हें स्थानीय भाषा में बगजा कहा जाता है. यह बगजा टहुआ की खास पहचान होता है और इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है.
देसी तड़के से बढ़ता स्वाद
टहुआ का असली स्वाद उसके देसी तड़के में छिपा होता है. एक कड़ाही में तेल गरम करके उसमें जीरा, सूखी लाल मिर्च, हींग और लहसुन का तड़का लगाया जाता है. इसके बाद तैयार आम का पना इसमें डाला जाता है. एक उबाल आने तक पकाया जाता है. अंत में तले हुए बगजे इसमें डाल दिए जाते हैं, जिससे वे पने में घुलकर एक अनोखा स्वाद देते हैं. कुछ देर बाद यह व्यंजन परोसने के लिए तैयार हो जाता है.
आम का टहुआ सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद माना जाता है. कच्चे आम में मौजूद पोषक तत्व शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाते हैं और पाचन को बेहतर बनाते हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें