इंदौर के केट रोड पर शनिवार रात एक युवक की सिर पर पत्थर मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शव के पास मिले कीपैड फोन के आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान की और आरोपियों तक पहुंच सकी। सोमवार को राजेंद्र नगर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। दरअसल, शनिवार रात एक युवक के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। युवक कुंदन नगर के शराब दुकान के पास मैदान में गंभीर हालत में मिला था। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में पुलिस ने जांच के दौरान उसकी पहचान कर ली। डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं थे और मृतक की पहचान भी नहीं हो पा रही थी, जिससे पुलिस को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस को मौके से बिना सिम कार्ड के दो कीपैड मोबाइल मिले थे। मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने दोनों मोबाइल का फॉरेंसिक एनालिसिस किया। कीपैड मोबाइल में जो कॉन्टैक्ट थे, उन्हें निकाला गया। पुलिस ने उन नंबरों से मृतक की जानकारी जुटाना शुरू किया। इससे लग रहा था कि मृतक सागर का हो सकता है। आगे जांच में और जानकारी मिली, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट हो गई। मृतक की पहचान गोलू उर्फ कृष्णकुमार (28) अहिरवार, निवासी मकरोनिया, सागर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली। मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने कुछ संदिग्धों की जानकारी दी। पत्नी से मिली संदिग्धों की जानकारी की लिस्ट तैयार की डीसीपी लालचंदानी ने बताया कि पत्नी से मिली जानकारी के बाद संदिग्धों की लिस्ट बनाकर काम शुरू किया गया, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। इसमें विकास कोसे (28), कृष्णा भिड़े (22) और भूरा उर्फ भूरिया (30) अहिरवार को पकड़ा गया है। वारदात के बाद विकास कोसे अपने गांव बैतूल भाग गया था। पुलिस ने उसे बैतूल से पकड़ा, जबकि भूरा को धार से और कृष्णा को कुंदन नगर से पकड़ा। काम के बाद शराब दुकान पहुंचे थे उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी मिस्त्री का काम करते हैं। घटना वाली रात वे हवा बंगला से काम करके शराब दुकान पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने शराब पी और खाली मैदान में जाकर बैठ गए थे। यहीं पर उनका गोलू से विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने गोलू का सिर कुचलकर हत्या कर दी। पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास कोसे ने बताया कि उसे मृतक पर जादू-टोना करने का शक था। इसी शक के चलते वह बार-बार गोलू से पूछताछ करता था। घटना वाले दिन शराब पीने के दौरान विवाद बढ़ गया और उन्होंने ईंट-पत्थरों से हमला कर गोलू की हत्या कर दी।
Source link