महिला टी-20 वर्ल्ड कप में बरसेगा पैसा, विजेता टीम को मिलेंगे 22 करोड़

महिला टी-20 वर्ल्ड कप में बरसेगा पैसा, विजेता टीम को मिलेंगे 22 करोड़


नई दिल्ली. महिला क्रिकेट लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और इसका ताजा उदाहरण है ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026. इस बार टूर्नामेंट न सिर्फ टीमों की संख्या के मामले में बड़ा होने जा रहा है, बल्कि इनाम राशि के मामले में भी एक नया इतिहास रचा गया है, जो महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव और लोकप्रियता को दर्शाता है.

ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 8,764,615 अमेरिकी डॉलर की रिकॉर्ड प्राइज मनी का ऐलान किया है, जो 2024 संस्करण की तुलना में 10% ज्यादा है. यह राशि 2024 में संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए टूर्नामेंट की 7,958,077 डॉलर की कुल प्राइज मनी से कहीं ज्यादा है. खास बात यह है कि इस बार टूर्नामेंट में पहली बार 12 टीमें हिस्सा लेंगी.

विजेता टीम होगी मालामाल 

विजेता टीम को 2,340,000 डॉलर की राशि मिलेगी, जबकि उपविजेता को 1,170,000 डॉलर मिलेंगे. सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 675,000 डॉलर दिए जाएंगे. इसके अलावा, हर ग्रुप मैच जीतने पर टीम को 31,154 डॉलर मिलेंगे. सभी 12 टीमों को कम से कम 247,500 डॉलर की गारंटीड प्राइज मनी दी जाएगी. यह बड़ी घोषणा टूर्नामेंट शुरू होने से 60 दिन पहले आई है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 12 जून को इंग्लैंड महिला टीम और श्रीलंका के बीचबर्मिंघम में खेला जाएगा. इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भारत, आयरलैंड, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, स्कॉटलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज़ जैसी टीमें भी हिस्सा लेंगी। कुल 33 मैच 7 अलग-अलग मैदानों पर 24 दिनों में खेले जाएंगे.

ट्रॉफी का टूर शुरु 

अब सभी की निगाहें इंग्लैंड और वेल्स पर टिकी हैं, जहां ICC ट्रॉफी टूर की शुरुआत हो चुकी है. इस टूर के जरिए यूरोप में टूर्नामेंट का माहौल बनाया जा रहा है. ट्रॉफी टूर की शुरुआत लंदन से हुई, जहां इसे लॉर्ड्स में प्रदर्शित किया गया. यह पहली बार है जब इस ऐतिहासिक मैदान के पवेलियन पर प्रोजेक्शन किया गया. इसके बाद ट्रॉफी नीदरलैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड जैसे यूरोपीय देशों का दौरा करेगी और फिर मई में मेजबान शहरों में पहुंचेगी, ताकि टूर्नामेंट से पहले फैंस में उत्साह बढ़ाया जा सके.

ट्रॉफी टूर का शेड्यूल:

स्कॉटलैंड: 7–10 मई
नीदरलैंड: 11–14 मई
आयरलैंड: 15–18 मई
लीड्स: 19–24 मई
मैनचेस्टर: 25–27 मई
बर्मिंघम: 28–29 मई
ब्रिस्टल: 31 मई – 1 जून
साउथैम्प्टन: 3–4 जून
लंदन: 5–8 जून

आईसीसी का बड़ा प्लान

टूर के दौरान लीड्स के मिलेनियम स्क्वायर , मैनचेस्टर के सेंट पीटर्स स्क्वायर , बर्मिंघम के बुलरिंग, ब्रिस्टल के कैबॉट सर्कस , साउथैम्प्टन के Guildhall Square और लंदन के Trafalgar Square जैसे प्रमुख स्थानों पर फैंस के लिए खास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. ICC के CEO संजोग गुप्ता ने कहा कि महिला क्रिकेट तेजी से आगे बढ़ रहा है और 12 टीमों का विस्तार तथा रिकॉर्ड प्राइज मनी इस बात का संकेत है कि ICC इस खेल को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. वहीं, टूर्नामेंट डायरेक्टर Beth Barrett-Wild ने कहा कि यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा. टिकटों की रिकॉर्ड मांग और पुरुष क्रिकेट के बराबर प्राइज मनी इस खेल की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है.

ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बनकर उभर रहा है. रिकॉर्ड प्राइज मनी, ज्यादा टीमें और वैश्विक स्तर पर बढ़ती दिलचस्पी इस बात का संकेत है कि महिला क्रिकेट अब दुनिया के खेल मानचित्र पर मजबूती से अपनी पहचान बना चुका है.



Source link