स्कूलों में बंद हो सकता है मिड डे मील: पन्ना में स्व सहायता समूह महासंघ ने कहा- गैस सिलेंडर की कमी, प्रदर्शन कर रैली भी निकाली – Panna News

स्कूलों में बंद हो सकता है मिड डे मील:  पन्ना में स्व सहायता समूह महासंघ ने कहा- गैस सिलेंडर की कमी, प्रदर्शन कर रैली भी निकाली – Panna News




पन्ना के सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन (पीएम पोषण शक्ति निर्माण) तैयार करने वाले स्व-सहायता समूहों को गैस सिलेंडर की कमी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर सोमवार को महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्टोरेट तक रैली भी निकाली। प्रांतीय महिला स्व-सहायता समूह महासंघ (जिला इकाई पन्ना) के बैनर तले महिलाओं ने कलेक्टर, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी और डीपीसी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार भोजन केवल गैस पर ही बनाया जाना चाहिए, लेकिन लंबे समय से गैस सिलेंडर की भारी कमी है। सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण स्कूलों और सांझा चूल्हा केंद्रों में बच्चों को पोषण आहार वितरित करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे मध्याह्न भोजन योजना पर संकट गहरा गया है और बच्चे पोषण आहार से वंचित हो रहे हैं। भोजन वितरण ठप हो सकता है रैली में समूह संचालकों ने कहा कि प्रशासन एक ओर गैस पर खाना बनाने का दबाव डालता है। दूसरी ओर गैस एजेंसियों से सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गैस आपूर्ति जल्द सुचारु नहीं की गई, तो भोजन वितरण का कार्य ठप हो सकता है। इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन में मांग की गई है कि पन्ना जिले के पांचों विकासखंडों – अजयगढ़, पन्ना, पवई, गुनौर और शाहनगर के स्व-सहायता समूहों को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, गैस एजेंसियों को निर्देश दिए जाएं, ताकि समूह संचालकों को सिलेंडर के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने अन्य जिलों की तरह पन्ना में भी सुलभ गैस वितरण प्रणाली सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और महासंघ के पदाधिकारी उपस्थित थे। पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार ने इस मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



Source link