हरदा में छात्रावास के पास लूट, 3 आरोपी गिरफ्तार: चाकू दिखाकर नकदी ऑनलाइन ट्रांसफर करवाई, सोने की बाली छीन ली थी – Harda News

हरदा में छात्रावास के पास लूट, 3 आरोपी गिरफ्तार:  चाकू दिखाकर नकदी ऑनलाइन ट्रांसफर करवाई, सोने की बाली छीन ली थी – Harda News




हरदा सिटी कोतवाली पुलिस ने रविवार दोपहर हुई लूट की वारदात का चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसडीओपी शालिनी परस्ते ने इसकी जानकारी दी। घटना रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे यादव छात्रावास के पास हुई। टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम गागियाखेड़ी निवासी इमेश सरवरे अपने दो छोटे भाइयों के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर लूटपाट की। नकद छीने, ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवाए
बदमाशों ने इमेश की जेब से 1100 रुपए नकद निकाले। एक आरोपी ने चाकू दिखाकर मोबाइल का पासवर्ड पूछा और 1700 रुपए ‘काव्या जनरल स्टोर’ के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। तीसरे आरोपी ने कुनाल नामक युवक की जेब से 180 रुपए निकाले, जबकि चौथे ने राजवीर डोंगरे के कान से सोने की बाली छीन ली। लूटपाट के बाद चारों आरोपी रुपए और सोने की बाली लेकर झाड़ियों में छिप गए थे। तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मुखबिर लगाए और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फरियादी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मदीना कॉलोनी के पास झाड़ियों में छिपे आरोपी अजय पिता महेश राजपूत (26, निवासी सेंटमैरी स्कूल के पास), हारिश पिता शमीम खान (30, निवासी मदीना कॉलोनी) और समीर पिता सैयद अली (26, निवासी खेड़ीपुरा) को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में चौथा आरोपी मोटू मालवीय अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व में भी अलग-अलग मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। आरोपियों को पकड़ने में एसआई जितेंद्र राजपूत, आरक्षक प्रदीप मालवीय, नीलेश पटेल और सजन राजपूत की विशेष भूमिका रही।



Source link