नदी में नहाने गई थी 10 साल की मासूम बच्ची, घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने किया अटैक

नदी में नहाने गई थी 10 साल की मासूम बच्ची, घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने किया अटैक


Last Updated:

Morena News: बच्ची अपनी बहन के साथ चंबल नदी में नहाने गई थी. इस दौरान एक मगरमच्छ ने मासूम पर हमला कर दिया. करीब 6 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बच्ची का क्षत-विक्षत शव नदी से बरामद हुआ.

Zoom

नदी से बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया.

रिपोर्ट- अमित शर्मा, मुरैना. मध्य प्रदेश के मुरैना में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां चंबल नदी में एक मगरमच्छ ने नाबालिक बच्ची पर हमला कर दिया. हमले में 10 साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. बच्ची अपनी बहन के साथ नदी में नहाने गई थी. बहन के सामने ही घात लगाए मगरमच्छ ने बच्ची को नदी में खींच लिया. बहन बचाने की कोशिश करती रही लेकिन मासूम को मौत के जबड़ों से नहीं छुड़ा सकी. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. जिसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण घाट पर पहुंचे. पुलिस और SDRF की टीम ने करीब 6 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. मंगलवार देर शाम बच्ची का क्षत-विक्षत शव नदी से बरामद हुआ. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. बच्ची की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मिली जानकारी के अनुसार, घटना चिन्नौनी थाना इलाके के बेहदपुरा स्थित चंबल नदी की है. मंगलवार को बच्ची अपनी बहन के साथ चंबल नदी किनारे स्थित घाट पर नहाने गई थी. दोनों इस बात से अनजान थीं कि नदी में एक मगरमच्छ घात लगाए बैठा है. जैसे ही दोनों नदी में उतरीं, मगरमच्छ ने एक बच्ची पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़ों में फंसाकर नदी में ले जाने लगा. बहन ने बहुत कोशिश की कि मासूम को मगरमच्छ के जबड़ों से छुड़ा सके लेकिन वह ऐसा करने में नाकाम रही.

पैरों तले जमीन खिसक गई
बच्ची ने फौरन घर पहुंच परिजनों को आपबीती सुनाई. यह सुन परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. वे फौरन ग्रामीणों को लेकर घाट पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचित किया और कुछ देर बाद टीम के पहुंचते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ. कई घंटों की मशक्कत के बाद बच्ची का क्षत-विक्षत शव नदी से बरामद कर लिया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link