सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को मानद डॉक्टरेट उपाधि मिली: राजनीतिक, सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, श्रीकृष्णा विश्वविद्यालय ने दी उपाधि – Barwani News

सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को मानद डॉक्टरेट उपाधि मिली:  राजनीतिक, सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, श्रीकृष्णा विश्वविद्यालय ने दी उपाधि – Barwani News




बड़वानी। खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को श्रीकृष्णा विश्वविद्यालय, छतरपुर (मध्यप्रदेश) ने मानद डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें राजनैतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रथम दीक्षांत समारोह–2026 में प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय ने सांसद पटेल को यह उपाधि क्षेत्र में उनके सतत जनसेवा कार्यों, विकासोन्मुख सोच और समाज के प्रति प्रतिबद्धता के प्रतीक के रूप में दी है। इस दीक्षांत समारोह में प्रदेश और देश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समारोह में शिक्षा, सेवा और समाज के प्रति समर्पण के मूल्यों पर जोर दिया गया। इस अवसर पर सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उनके संसदीय क्षेत्र खरगोन-बड़वानी की जनता, समर्पित कार्यकर्ताओं और प्रत्येक क्षेत्रवासी का है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ने उन्हें जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की शक्ति दी है। उन्होंने आगे कहा कि यह सम्मान उनके लिए एक नई जिम्मेदारी और प्रेरणा का स्रोत है। यह उन्हें समाज के प्रति अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा, समर्पण एवं सेवा भाव से निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगा। सांसद पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, गरीबों के उत्थान और जनकल्याण के कार्यों को और अधिक गति देंगे। सांसद पटेल ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी पूंजी होता है। उन्होंने इस विश्वास को सदैव बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक, मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, भाजपा के वरिष्ठ नेता तपन भौमिक, छतरपुर विधायक ललिता यादव, मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. प्रेमसिंह डहेरिया, कृष्णा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ब्रजेश सिंह गौतम, कुलगुरु डॉ. अमित कुमार जैन और कुलसचिव डॉ. दिगंत द्विवेदी सहित कई विशिष्ट अतिथि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



Source link