दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी जमादार गांव में गुरुवार सुबह खेत में ककड़ी तोड़ रहे दो भाइयों पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस घटना में 23 वर्षीय नारायण सिंह लोधी की मौत हो गई, जबकि उसका 26 वर्षीय भाई संजय सिंह लोधी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के भाई सुरेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे नारायण और संजय खेत में ककड़ी तोड़ रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी और दोनों भाई इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर परिजन खेत पहुंचे और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद नारायण सिंह लोधी को मृत घोषित कर दिया। संजय सिंह लोधी का इलाज जारी है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना में एक मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे परिजन अपने साथ अस्पताल लाए थे। दोनों भाई ककड़ी तोड़कर दमोह मंडी ले जाने की तैयारी में थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही तेजगढ़ पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शव गृह में रखा गया है।
Source link