नीमच जिले के 10 ‘नेटवर्क विहीन’ गांवों में अब मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध होगा। जिला प्रशासन ने इन दूरदराज के क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगाने का निर्णय लिया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार शाम को दूरसंचार कंपनियों को टावर लगाने के लिए सशर्त अनुमति जारी कर दी है। अब तक इन गांवों में नेटवर्क न होने के कारण छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। किसानों को सरकारी योजनाओं के पंजीकरण और व्यापारियों को बैंकिंग लेनदेन के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। 4G नेटवर्क आने से इन समस्याओं का समाधान होगा और डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इन गांवों को मिलेगी सुविधा इन गांवों में सिंगोली तहसील के डाबडाकलां, कछाला, कोज्या, लुम्बा, थड़ोद, कुंथली, राणावत खेड़ा और कीरता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, जीरन तहसील का ग्राम सोकड़ी और जावद तहसील के कांस्या व सुखानंद गांव भी इस सूची में हैं। सिंगोली तहसील के धारड़ी गांव में भी टावर लगाने की अनुमति प्रक्रियाधीन है। इन शर्तें पर मिली मंजूरी कलेक्टर चंद्रा ने अनुमति के साथ कुछ सख्त शर्तें भी लगाई हैं। इनमें टावर लगाने से यातायात या बिजली की लाइनों में कोई बाधा न आना शामिल है। कार्य तभी शुरू होगा जब सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त हो जाएंगी। भविष्य में टावर के कारण किसी भी दुर्घटना की स्थिति में, इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित दूरसंचार कंपनी की होगी।
Source link