Last Updated:
जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे के दौरान एक मां और उसके 4 साल के बच्चे का शव एक-दूसरे से लिपटा मिला. इस दर्दनाक दृश्य ने हर किसी को भावुक कर दिया. हादसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अब भी लापता हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
जबलपुर के बरगी डैम में हादसे के मंजर को देखकर सबकी आंखें नम हो गईं.
जबलपुर. बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे के बाद एक दृश्य ने सबकी आंखें नम कर दी; यहां एक मां और उसके 4 साल मासूम बच्चे के मृत शरीर को देख लोग भावुक होकर रोने लगे. बच्चे को मां ने अपने सीने से चिपका कर रखा था. मां बच्चे को बचाने के लिए अंतिम समय तक जूझती रही, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका. इस मार्मिक दृश्य को देख मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं. इस हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है.
क्या हुआ उस शाम
30 अप्रैल 2026 की शाम बरगी डैम में पर्यटकों से भरी क्रूज बोट खमरिया टापू के पास घूम रही थी. अचानक मौसम बदला. तेज आंधी और 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने लगीं. लहरें ऊंची उठीं. कुछ ही मिनटों में क्रूज का संतुलन बिगड़ा और वह पलटकर डैम में डूब गई.
रेस्क्यू के दौरान सामने आया मार्मिक मंजर, हर आंख हो गई नम
रेस्क्यू टीम जब पानी में सर्च ऑपरेशन कर रही थी, तब मां और बच्चे का शव एक साथ मिला. मां के हाथ बच्चे की पीठ पर थे. ऐसा लगा जैसे वह उसे बचाने की आखिरी कोशिश कर रही थी. दोनों के शरीर इस कदर जुड़े थे कि उन्हें अलग करना भी मुश्किल हो गया. हादसे में कई लोगों की मौत हुई, लेकिन यह दृश्य अलग था. यहां केवल एक परिवार नहीं टूटा, बल्कि मातृत्व का वह रूप दिखा जो अंतिम क्षण तक अपने बच्चे को छोड़ने को तैयार नहीं था. यही वजह है कि इस दृश्य ने हर किसी को भावुक कर दिया.
हादसे की स्थिति और आंकड़े
अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. 24 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. कई लोग अब भी लापता हैं. SDRF, NDRF और स्थानीय टीमों का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि क्रूज में लाइफ जैकेट मौजूद थीं, लेकिन समय पर सभी को नहीं मिल पाईं. ओवरलोडिंग की भी आशंका जताई जा रही है. मौसम खराब होने के बावजूद क्रूज चलाना भी सवालों के घेरे में है.
मुख्यमंत्री ने किया मुआवजा देने का ऐलान, जांच के आदेश
राज्य सरकार ने हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है. प्रशासन ने कंट्रोल रूम बनाकर परिजनों की मदद शुरू की है.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें