सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र के रनेही गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक शादी समारोह के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान गौरा मेदनीपुर निवासी रोहित डोहर (24 वर्ष) पुत्र रामलाल डोहर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रोहित रनेही गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान खाने-पीने को लेकर उसका हलवाई सतीश डोहर से विवाद हो गया। वापसी के दौरान चाकू से किया हमला
विवाद के बाद जब रोहित अपने गांव लौट रहा था, तभी आरोपी सतीश ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने रोहित को तत्काल कोठी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक का माहौल छा गया। पुलिस जांच और फॉरेंसिक टीम पहुंची
सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया। शुक्रवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी संतोष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। मृतक वकालत की प्रैक्टिस कर रहा था, जबकि आरोपी हलवाई का काम करता है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
Source link