निगम आयुक्त ने निर्माण की धीमी गति पर जताई नाराजगी: वार्ड-9 में गंदगी पर नाराजगी; कहा-ट्रीटमेंट प्लांट और इंटकवेल के कार्य समय सीमा में पूरा करें – Dewas News

निगम आयुक्त ने निर्माण की धीमी गति पर जताई नाराजगी:  वार्ड-9 में गंदगी पर नाराजगी; कहा-ट्रीटमेंट प्लांट और इंटकवेल के कार्य समय सीमा में पूरा करें – Dewas News




देवास नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने शनिवार को शहर की स्वच्छता व्यवस्था और पेयजल परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 9, शिप्रा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और अलीपुर में निर्माणाधीन इंटकवेल का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वार्ड-9 के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने खुले प्लॉट, डिवाइडर, ग्रीनरी और मैरिज गार्डन के आसपास की सफाई व्यवस्था देखी। डिवाइडरों में कचरा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित दरोगा को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रीनरी में नियमित पानी देने और मैरिज गार्डन से निकलने वाले गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र कर वाहनों में डालने को कहा। साथ ही नागरिकों को खुले में कचरा न फेंकने के लिए जागरूक करने और स्वच्छता निरीक्षकों को विशेष निगरानी के निर्देश दिए। ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन मात्रा और टेस्टिंग पर जोर शिप्रा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आईएचपी कर्मचारियों को पेयजल में क्लोरीन की निर्धारित मात्रा बनाए रखने और रोजाना लैब टेस्टिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने कार्यपालन यंत्री इंदु प्रभा भारती और सहायक यंत्री सौरभ त्रिपाठी को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर बारिश से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए। पंपों के नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया गया। अलीपुर में निर्माणाधीन इंटकवेल का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कहा कि वर्षा ऋतु से पहले फाउंडेशन से ऊपर का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि बारिश में काम बाधित न हो।
उन्होंने उपयंत्री राजेश कौशल को निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता और पेयजल से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय सीमा में काम पूरा किया जाए।



Source link