शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक झपटमारी की घटना में 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। राजपुर गांव निवासी मीना लोधी अपने रिश्तेदार के साथ शादी समारोह से लौट रही थीं, तभी अछरौनी मार्ग पर नहर के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। बदमाशों ने चलती बाइक पर मीना लोधी की कमर में पहनी चांदी की करधौनी पर झपट्टा मारा। इस अचानक हमले से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मीना सड़क पर सिर के बल गिर गईं। बदमाश करधौनी का एक हिस्सा लेकर फरार हो गए, जबकि शेष हिस्सा महिला के पास ही रह गया। गंभीर रूप से घायल मीना लोधी को तत्काल इलाज के लिए झांसी ले जाया गया। शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने खनियाधाना थाने पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि यह एक गंभीर घटना है और पुलिस टीम आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयासरत है।
Source link