हरदा रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम को मांस को लेकर हंगामे की स्थिति बन गई। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गौमांस की आशंका में एक महिला को पकड़ लिया। कार्यकर्ताओं का दावा है कि दो महिलाएं और एक युवती ट्रेन से मांस लेकर स्टेशन पर उतरी थीं। कार्यकर्ताओं ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो एक महिला और युवती मौके से भाग गईं। पकड़ी गई महिला के पास से दो बैगों में करीब 30 किलोग्राम मांस बरामद हुआ। खंडवा निवासी महिला, इलाज के लिए बेचने का दावा पकड़ी गई महिला की पहचान जायदा (पति अकलिम खान), निवासी इमलीपुरा, खंडवा के रूप में हुई है। उसने बताया कि वह बुरहानपुर में एक रिश्तेदार की मय्यत में गई थी और वहीं से पहली बार भैंस का मांस लेकर हरदा आई। महिला का कहना है कि बेटी के इलाज के लिए पैसों की जरूरत के चलते वह मांस बेचने आई थी। हरदा के मानपुरा में उसका मायका है। जायदा ने बताया कि उसके साथ राहत नाम की महिला भी थी, जो बंगाली कॉलोनी, डबल फाटक के पास रहती है। वह अपना बैग छोड़कर मौके से भाग गई। थाने के सामने नारेबाजी, कार्रवाई की मांग घटना के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता सिटी कोतवाली थाने के सामने पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। वे महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मांस का वजन कराकर जांच के लिए पशु चिकित्सक को बुलाया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मांस किस पशु का है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
Source link