मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल क्षेत्र में रविवार दोपहर को एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे परिवार के पांच लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों सहित अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना पास के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। यह हादसा उन्हेल थाना क्षेत्र के नई दिल्ली चौराहा इलाके में हुआ। मृतकों में जमीला बी (55 वर्ष) शामिल हैं। घायलों में तबस्सुम (40 वर्ष), इरशाद (6 वर्ष), शिफा (13 वर्ष) और फरहान (8 वर्ष) शामिल हैं। किसी शोक कार्यक्रम में जा रहे थे बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य किसी शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तभी अचानक आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि परिवार सड़क के किनारे चल रहा था, तभी सामने से आई कार ने उन्हें सीधे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को उज्जैन के चरक अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उन्हेल थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link