Last Updated:
MP News: मध्यप्रदेश में हाल के दिनों में सामने आईं दर्दनाक घटनाओं और मासूमों की मौत के मामलों को लेकर सियासत गरमा गई है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर चिंता जताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.
जीतू पटवारी
भोपाल से सामने आई इस राजनीतिक पहल में कांग्रेस ने मध्यप्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. जीतू पटवारी द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है कि प्रदेश में लगातार हो रही बड़ी घटनाएं और सामूहिक मौतें प्रशासनिक विफलता को उजागर करती हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की मौजूदा व्यवस्था जनता के विश्वास पर खरी नहीं उतर रही है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा और भय का माहौल बन रहा है.
पत्र में हाल ही में हुई कई घटनाओं का जिक्र किया गया है.छिंदवाड़ा में जहरीली दवा सेवन से बच्चों की मौत को स्वास्थ्य तंत्र की गंभीर लापरवाही बताया गया है.वहीं इंदौर में दूषित पानी की आपूर्ति से कई लोगों की जान जाने की घटना को बुनियादी सेवाओं की विफलता का उदाहरण बताया गया. इसके अलावा जबलपुर में बरगी डैम क्रूज हादसे में हुई मौतों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है.
कांग्रेस ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग
कांग्रेस ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि जब हादसे के बाद पीड़ित परिवार अपने प्रियजनों को खोने के गम में थे, तब राज्य के शीर्ष नेतृत्व अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त था. इसे जनभावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता करार दिया गया है. पत्र में कहा गया है कि इस तरह के व्यवहार से जनता का सरकार पर भरोसा कमजोर होता है. इसके अलावा धार में हाल ही में हुए सड़क हादसे का भी उल्लेख किया गया.जिसमें कई आदिवासी नागरिकों की मौत हुई. कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रशासनिक जवाबदेही सभी स्तरों पर कमजोर नजर आ रही हैं. कांग्रेस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से आग्रह किया है कि वे इस पूरे मामले में संज्ञान लें और राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश दें. प्रदेश में सुशासन, सुरक्षा और जनता का विश्वास फिर से बहाल हो सके. फिलहाल इस मुद्दे पर राजनीतिक घमासान तेज होने के आसार हैं.