ग्वालियर के बाल भवन में रविवार को आयोजित “सशक्त यूथ कॉन्क्लेव” में पहुंचे पूर्व मंत्री और विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे व संचालन से पहले सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई यात्री बिना लाइफ जैकेट के सवार थे और स्टाफ भी सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रहा था। उन्होंने इस घटना के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। जयवर्धन सिंह ने इस हादसे को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों और छिंदवाड़ा में कफ सिरप से बच्चों की मौत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिनकी जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की जगह एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान जयवर्धन सिंह ने मिशन 2028-29 के तहत युवाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर भी बात की। उन्होंने बताया कि पार्टी “सशक्त यूथ कॉन्क्लेव” के माध्यम से युवाओं को राजनीति में सक्रिय करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि युवा राजनीति में आएं, इसलिए छात्र संघ चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं।
Source link