Last Updated:
भोपाल में यूपीएससी मेंटर शुभ्रा रंजन को उनके ही पूर्व छात्र ने बंधक बनाकर 2 करोड़ रुपये ऐंठ लिए. आरोपी प्रियंक शर्मा को एम्स भोपाल से गिरफ्तार किया गया है. कोर्ट ने उसकी पुलिस रिमांड मंजूर कर दी है. कोचिंग फ्रेंचाइजी विवाद के बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा और भरोसे दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
भोपाल पुलिस ने शुभ्रा रंजन से रकम ऐंठने वाले को गिरफ्तार कर लिया है.
भोपाल. यूपीएससी अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन देने वाली देश चर्चित UPSC मेंटर शुभ्रा रंजन के साथ भोपाल में सनसनीखेज वारदात हो गई. आरोप है कि उनके ही पूर्व छात्र और बिजनेस पार्टनर प्रियंक शर्मा ने उन्हें एमपी नगर इलाके में बंधक बनाकर उनके बैंक खाते से करीब 2 करोड़ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए. घटना के बाद पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया. रविवार दोपहर पुलिस इस बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रही है. इसमें संभवत: कुछ और खुलासे होंगे. आरोपी अब पुलिस रिमांड पर है.
इस पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपित प्रियंक शर्मा पहले दिल्ली में शुभ्रा रंजन की कोचिंग का छात्र रह चुका था और बाद में भोपाल में उनकी फ्रेंचाइजी का संचालन करने लगा था. बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से कोचिंग सेंटर घाटे में चल रहा था, जिसके चलते दोनों के बीच आर्थिक मतभेद बढ़ गए थे. इसी पृष्ठभूमि में आरोपित ने शुभ्रा को भोपाल बुलाया और कथित तौर पर निवेश के नाम पर दबाव बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया.
नए बिजनेस प्लान का झांसा देकर बुलाया भोपाल, फिर की वारदात
पुलिस जांच के मुताबिक प्रियंक ने शुभ्रा रंजन को नए बिजनेस प्लान का हवाला देकर भोपाल बुलाया. मुलाकात के दौरान जब उन्होंने निवेश से इनकार किया, तो आरोपित ने उन्हें बंधक बना लिया. इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर उनके बैंक खाते से लगभग 2 करोड़ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए.
एम्स से हुई गिरफ्तारी, पुलिस रिमांड
घटना के बाद क्राइम ब्रांच टीम जब आरोपित की तलाश में उसके घर पहुंची, तो पता चला कि वह एम्स भोपाल में भर्ती है. पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां आरोपित ने बीमारी का हवाला देकर बचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. कोर्ट ने उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.
कोचिंग फ्रेंचाइजी बना विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार भोपाल के एमपी नगर में संचालित कोचिंग सेंटर पिछले एक साल से घाटे में चल रहा था. आर्थिक नुकसान के चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ा और यही विवाद इस बड़ी आपराधिक घटना में बदल गया.
देशभर में चर्चित हैं टॉपर्स की मेंटर शुभ्रा रंजन
शुभ्रा रंजन राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध विषय की विशेषज्ञ मानी जाती हैं. उन्हें 25 साल से अधिक का शिक्षण अनुभव है. उनके मार्गदर्शन में कई सफल अभ्यर्थी प्रशासनिक सेवाओं में चयनित हुए हैं. बताया जाता है कि उन्होंने टीना डाबी, रिया डाबी और अन्य कई सफल अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन दिया है. सोशल मीडिया और यूट्यूब पर भी उनकी बड़ी फॉलोइंग है.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें