मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के तुरकिया गांव में रविवार को फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। एक बच्चे के मुंडन कार्यक्रम में शामिल लोगों में से करीब 30 से 35 लोगों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण पाए गए, जबकि 8 से 10 लोगों की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल लोगों ने दाल-बाफले, लड्डू और लस्सी का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों को अचानक उल्टी, दस्त और घबराहट की शिकायत होने लगी। यह आयोजन भाजपा नेता सुंदरलाल पटवा (सुथार) के पोते के मुंडन संस्कार के अवसर पर किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए थे। स्वास्थ्य विभाग सतर्क, टीम गांव पहुंची
मंदसौर के सीएमएचओ गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरकिया गांव पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में 30 से 35 लोगों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण पाए गए हैं। सभी प्रभावितों की निगरानी की जा रही है और एहतियात के तौर पर उपचार दिया जा रहा है। कुछ मरीजों को जिला अस्पताल रेफर
घटना के बाद चार मरीजों को मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जिनमें दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। वहीं, तीन से चार महिलाओं का इलाज गांव में ही किया जा रहा है। कुछ मरीजों को पिपलिया मंडी और मंदसौर के अन्य अस्पतालों में भी उपचार के लिए भेजा गया है। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों में दशरथ (28), मनोहर लाल (59), लीलाबाई (50) और शांति बाई (35) शामिल हैं। इन सभी को उल्टी, दस्त, चक्कर और घबराहट की शिकायत हुई थी। पुलिस भी रख रही नजर
नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेंद्र पवार के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह मामला फूड प्वाइजनिंग का ही प्रतीत हो रहा है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है। सभी का इलाज जारी है और एहतियात के तौर पर गांव में स्वास्थ्य टीम लगातार निगरानी कर रही है।
Source link