महाकाल दर्शन से लौट रहे युवक की हादसे में मौत: देवास बायपास पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवती गंभीर घायल – Dewas News

महाकाल दर्शन से लौट रहे युवक की हादसे में मौत:  देवास बायपास पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवती गंभीर घायल – Dewas News




देवास में उज्जैन रोड पर पालखंदा बायपास के पास शनिवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ उज्जैन में महाकाल दर्शन कर देवास लौट रहा था। हादसे में उसके साथ स्कूटी पर सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज जारी है। मृतक की पहचान गौरव नगर देवास निवासी 38 वर्षीय राकेश खत्री के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त मनंद सोलंकी और एक युवती के साथ शनिवार शाम को महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन गया था। दर्शन के बाद तीनों देर रात वापस देवास लौट रहे थे। सड़क किनारे खंती में जा गिरी थी स्कूटी
जानकारी के अनुसार, राकेश खत्री अपनी स्कूटी पर युवती के साथ आगे चल रहा था, जबकि उसका दोस्त मनंद सोलंकी पीछे आ रहा था। पालखंदा बायपास पर किसी अज्ञात वाहन ने राकेश की स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सड़क किनारे खंती में जा गिरी। पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है। हादसे के बाद पीछे आ रहे दोस्त मनंद ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राकेश खत्री को मृत घोषित कर दिया। रविवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे में घायल युवती का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। बीएनपी थाना पुलिस के एएसआई राजेश सिंह ने बताया कि पालखंदा के पास हुए इस हादसे की जांच की जा रही है। उन्होंने पुष्टि की कि एक युवक की मौत हुई है और युवती का इलाज जारी है। सभी लोग उज्जैन से महाकाल दर्शन कर देवास लौट रहे थे। राकेश खत्री बैंक फाइनेंस से जुड़ा काम करता था।



Source link