Last Updated:
सागर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां झूला झूलते समय एक 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई. देवरी थाना क्षेत्र के झुनकू वार्ड में हुई इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पूरे इलाके में शोक का माहौल है.जानकारी के अनुसार मृतक किशोर देवांश यादव (14) अपने घर के पास पीपल के पेड़ पर बंधी रस्सी से झूला झूल रहा था.
सागर में झूला झूलते समय 14 वर्षीय किशोर की मौत
मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां झूला झूलते समय एक 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई. देवरी थाना क्षेत्र के झुनकू वार्ड में हुई इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पूरे इलाके में शोक का माहौल है.जानकारी के अनुसार मृतक किशोर देवांश यादव (14) अपने घर के पास पीपल के पेड़ पर बंधी रस्सी से झूला झूल रहा था. इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और रस्सी उसके गले में फंस गई.
यह घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया.परिजन तत्काल देवांश को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. देवांश अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है.
14 वर्षीय किशोर की मौत से इलाके में मातम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.यहां स्थानीय लोगों के अनुसार, देवांश एक सामान्य और चंचल स्वभाव का बच्चा था, जिसकी अचानक हुई मौत से पूरा मोहल्ला स्तब्ध है. घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है. हर कोई इस दर्दनाक हादसे से दुखी है.यह घटना एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता को दर्शाती है. पुलिस ने भी अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों पर नजर रखें. उन्हें सुरक्षित वातावरण में खेलने के लिए प्रेरित करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.