आगर मालवा जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की है। रविवार देर रात पिपलोन कला क्षेत्र के ग्राम कालियाखेड़ी में लगभग 200 क्विंटल लकड़ी से भरा एक ट्रेलर जब्त किया गया। जब्त वाहन को आगे की जांच के लिए वन परिक्षेत्र कार्यालय में खड़ा कराया गया है। वन विभाग को क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन की सूचना मिली थी। पिपलोन बिट प्रभारी विपिन शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रेलर को रोका। चालक से लकड़ी परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने तत्काल वाहन को जब्त कर लिया। ट्रेलर में बबूल की लकड़ियां बिट प्रभारी विपिन शर्मा ने बताया कि पकड़े गए ट्रेलर का चालक देशराज, पिता ओंकार, निवासी अलवर, राजस्थान है। चालक से लकड़ी के स्रोत और गंतव्य के बारे में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर में ऊपर से दिख रही अधिकांश लकड़ियां बबूल प्रजाति की लग रही हैं। हालांकि, ट्रेलर को पूरी तरह खाली नहीं किया गया है, इसलिए अन्य प्रजाति की लकड़ियां भी मिलने की संभावना है। वन विभाग ने मामला दर्ज कर लिया है। लकड़ी की वास्तविक मात्रा, प्रजाति और परिवहन की वैधता की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
Source link