प्रदेश में गेहूं खरीदी की सरकारी प्रक्रिया धीमी होने से किसान निजी व्यापारियों का रुख कर रहे हैं। दैनिक भास्कर टीम ने भोपाल की करौंद मंडी पहुंचकर जमीनी हकीकत जानी, जहां सामने आया कि व्यवस्थाओं की कमी के चलते सरकारी मंडियों में गेहूं खरीदी की प्रक्रिया धीमी चल रही है। कई मंडियों में तौल व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं पाई गई, जिससे किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा, खरीदी की सीमा तय होने के कारण सभी किसानों की फसल एक साथ नहीं खरीदी जा रही। ऐसी स्थिति में किसान निजी व्यापारियों का रुख कर रहे हैं। किसानों के अनुसार, निजी व्यापारी तुरंत भुगतान कर रहे हैं, जबकि सरकारी खरीदी में राशि मिलने में देरी हो रही है। मंडी की 4 तस्वीरें… ओने-पोने दामों में खरीद रहे फसल रायसेन से भोपाल करौंद मंडी में अपनी फसल बेचने आए किसान हेमराज ने बताया कि हम प्राइवेट व्यापारियों के ओन-पोने दामों में अपनी फसल बेचने को मजबूर हैं। क्योंकि हमारे रायसेन की सरकारी मंडियों में कई किलोमीटर की लाइनें लगी। वहां गेहूं बेचेंगे तो कई दिन लग जाएंगे। हमें रुपयों की जरूरत है। प्राइवेट मंडियों से हमें तुरंत पैसा मिल जाता है। भास्कर की टीम ने भी मंडी में देखा कि निजी व्यापारी किसानों से गेंहू 2200 से 2400 तक में प्रति क्विंटल की बोली लगाकर खरीद रहे हैं। जबकि सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य बोनस मिलाकर 2625 तय किया हुआ है। मंडियों में तुलाई की रफ्तार धीमी भास्कर टीम किसानों की समस्याएं जानने करौंद मंडी पहुंची। यहां सरकारी खरीद केंद्रों पर गेहूं की तुलाई की रफ्तार धीमी पाई गई। बड़ी संख्या में किसान अपनी फसल बेचने के लिए लंबी कतार में खड़े होकर बारी का इंतजार कर रहे थे। मंडी में तौल व्यवस्था सीमित दिखी। एक ही तौल कांटे पर बारी-बारी से बोरी भरकर गेहूं तौला जा रहा था। किसान सुरेश गौर ने बताया कि हम सुबह से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। आज हमारा नंबर शायद नहीं आ पाएगा। हम कल सरकारी मंडी में अपना गेहूं बेच पाएंगे। 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का टारगेट सरकार ने पिछले साल करीब 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा था। इस बार यह टारगेट 100 लाख मीट्रिक टन किया है। किसानों की सुविधा के लिए खरीदी के लिए प्रत्येक शनिवार को भी स्लॉट बुकिंग एवं खरीदी का काम जारी रखने की बात कही गई है। अभी तक प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए 9.60 लाख किसानों ने 57.75 टन गेहूं के विक्रय के लिए स्लॉट बुक किए जा चुके हैं। ————— ये खबर भी पढ़ें… MP में गेहूं खरीदी…80 लाख टन के लिए स्लॉट बुक:CM के औचक निरीक्षण से अलर्ट मोड पर अफसर मध्य प्रदेश में अब तक 5 लाख किसानों से 22 लाख से ज्यादा टन गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जा चुका है। वहीं, किसान 9 मई तक स्लॉट बुकिंग करा सकेंगे। स्लॉट बुकिंग में ही किसानों के पसीने छूट रहे हैं। कई केंद्रों पर सर्वर धीमा है। पूरी खबर पढ़ें…
Source link