संघ प्रमुख मोहन भागवत ने सीएम से प्रतिमा लगाने की बात कही थी.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan) ने आजादी के दिन भोपाल के शौर्य स्मारक पर भारत माता (Bharat Mata) की प्रतिमा का अनावरण किया है. संघ प्रमुख मोहन भागवत ने इस प्रतिमा को लगाने की इच्छा जताई थी.
प्रतिमा के पीछे की कहानी
भोपाल के शौर्य स्मारक पर भारत माता की 25 फीट ऊंची प्रतिमा लगने के पीछे की बड़ी कहानी है. दरअसल एक बार संघ प्रमुख मोहन भागवत भोपाल दौरे पर आए थे तो उसके बाद शौर्य स्मारक भी गए थे, वहां पर उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने भारत माता की प्रतिमा लगाने की इच्छा जाहिर की थी. इस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शौर्य स्मारक की पहली वर्षगांठ पर ऐलान किया था कि यहां पर भारत माता की प्रतिमा लगाई जाएगी और आज 74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यह सपना साकार हो गया.
शौर्य स्मारकराजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स पर स्थित शौर्य स्मारक भारत के अमर शहीदों की युद्ध कथा और शौर्य गाथाओं का प्रतीक है. इसे द वॉर मेमोरियल के नाम से भी जाना जाता है. इस शौर्य स्मारक के दीदार करने आम दिनों में सैकड़ों लोग जाते हैं. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अक्टूबर 2016 को इसका उद्घाटन किया था. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जब राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित किया तो उन्होंने अपने सभी मंत्रियों से यह कहा था कि वह आयोजन के बाद शौर्य स्मारक पर भारत माता की प्रतिमा देखने जरूर जाएं.